बांद्रा भगदड़: सीसीटीवी फुटेज में नजर आया, कैसे ट्रेन में चढ़ने के लिए यात्रियों में मची थी होड़

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 28 Oct 2024 09:03 PM
बांद्रा भगदड़: सीसीटीवी फुटेज में नजर आया, कैसे ट्रेन में चढ़ने के लिए यात्रियों में मची थी होड़
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई के बांद्रा र्टिमनस पर मची भगदड़ के सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहे हैं जिनमें एक अनारक्षित एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने के लिए यात्रियों की भीड़ धक्का-मुक्की करती दिखाई दे रही है. शनिवार देर रात को हुई भगदड़ की इस घटना में 10 लोग घायल हो गए थे.
यह फुटेज कथित तौर पर बांद्रा र्टिमनस के प्लेटफार्म नंबर एक के उत्तरी छोर पर लगे सीसीटीवी कैमरे से ली गई है. फुटेज की तस्वीरें शनिवार को देर रात दो बजकर 44 मिनट पर हुई भगदड़ के दौरान उस अफरातफरी को दिखाती हैं जो रेलवे यार्ड से 22 कोच वाली अनारक्षित बांद्रा-गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस के आने पर मची थी.

फुटेज में नजर आ रहा है कि जब बड़ी संख्या में यात्री अनारक्षित ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे, तो कुछ यात्री फिसल गए जिससे भगदड़ मच गई और कई लोग घायल हो गए. हालांकि, सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे सीसीटीवी फुटेज में भगदड़ नहीं दिख रही है क्योंकि हो सकता है कि यह प्लेटफॉर्म के दूसरे छोर पर हुई हो. पश्चिम रेलवे आगामी दिवाली और छठ त्योहारों के मद्देनजर विभिन्न गंतव्यों विशेषकर उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए 130 से अधिक त्योहार विशेष ट्रेनें चला रही है.

बृहन्मुंबई महानगरपालिका के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने कहा कि शनिवार देर रात हुई इस घटना में 10 यात्री घायल हो गए, जबकि पश्चिमी रेलवे के आधिकारिक बयान में दावा किया गया कि केवल दो यात्री घायल हुए हैं. फुटेज में सिर और कंधों पर बैग और सामान लिए यात्री ट्रेन के दरवाजों के आसपास भीड़ लगाए हुए दिख रहे हैं. कुछ यात्रियों ने तो छोटे-छोटे ड्रम भी लिए हुए थे जिससे प्रवेश द्वार अवरुद्ध हो रहा था और मुश्किल से कोई दूसरा व्यक्ति ट्रेन में चढ़ पा रहा था.

वीडियो में यात्री ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले उसमें चढ़ने की कोशिश करते दिख रहे हैं, जबकि कुछ यात्री आपातकालीन निकास खिड़की से अंदर घुसने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. ये सीसीटीवी कैमरा केवल कुछ कोच को ही कवर करता है जिसके फुटेज में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का एक कर्मी इंजन से दूसरे कोच के पास भीड़ से निपटने की कोशिश करते दिख रहा है, लेकिन बाद में कुछ और कर्मी भीड़ को चीरते हुए उसकी मदद के लिए वहां पहुंच गए.

सोशल मीडिया पर प्रसारित फुटेज के वीडियो में कोई भी खचाखच भरी ट्रेन में प्रवेश करने में सफल नहीं हुआ. रविवार को सोशल मीडिया पर घटना के कई वीडियो प्रसारित हुए जिनमें से एक में एक घायल यात्री प्लेटफॉर्म पर खून से लथपथ पड़ा हुआ दिखाई दे रहा था, जबकि अन्य यात्री ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते दिख रहे हैं. एक अन्य फुटेज में आरपीएफ कर्मी प्लेटफॉर्म पर मौजूद अन्य लोगों की मदद से घायल यात्रियों को अस्पताल ले जाते दिख रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu