ईडी के समन पर सवाल उठाने के लिए भाजपा ने की केजरीवाल की आलोचना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 02 Nov 2023 09:14 PM
ईडी के समन पर सवाल उठाने के लिए भाजपा ने की केजरीवाल की आलोचना
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आबकारी नीति से जुड़े एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन से ‘भागने’ के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आलोचना की और बृहस्पतिवार को कहा कि वह सच्चाई का सामना नहीं करना चाहते.
भाजपा का यह हमला तब हुआ जब केजरीवाल मामले में पूछताछ के लिए ईडी के समक्ष पेश नहीं हुए और जांच एजेंसी को पत्र लिखकर उन्हें पूछताछ के लिए भेजा गया नोटिस वापस लेने की मांग की तथा दावा किया कि यह नोटिस ‘गैरकानूनी एवं राजनीति से प्रेरित’ है.

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ”अरविंद केजरीवाल ईडी के समन से भाग गए. वह सच्चाई का सामना नहीं करना चाहते… यह कहना अतिश्योक्ति नहीं होगी कि दिल्ली के शराब घोटाले के ‘राजा’ ने स्वीकार कर लिया है कि वह शराब घोटाले और भ्रष्टाचार में शामिल थे.” पात्रा ने कहा कि ईडी तथ्यों और सबूतों के आधार पर समन जारी करता है लेकिन केजरीवाल जांच एजेंसी के सवालों का सामना करने से भाग रहे हैं क्योंकि वह सच्चाई जानते हैं.

भाजपा नेता ने आरोप लगाया, ”आज यह साबित हो गया है कि जो ‘कट्टर’ बेईमान है, वह ‘कट्टर’ बेशर्म भी है. हमारा दृढ़ विश्वास है कि ईडी या किसी अन्य एजेंसी द्वारा केजरीवाल को समन किसी आधार पर भेजा गया था.” ईडी को लिखे अपने पत्र में दिल्ली के मुख्यमंत्री ने पूछा कि उन्हें किस हैसियत से पूछताछ के लिए बुलाया गया है.

इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पात्रा ने पूछा, ”यह वीआईपी सिंड्रोम क्यों है?… क्या आप कानून से ऊपर हैं? सिर्फ इसलिए कि आप दिल्ली के मुख्यमंत्री हैं, कोई भी एजेंसी आपको तलब नहीं कर सकती?” उन्होंने कहा, ”आपको भ्रष्टाचार के सागर के रूप में तलब किया गया, भ्रष्टाचार का स्रोत जो मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और फिर संजय सिंह तक पहुंचता है.”

केजरीवाल ने यह भी कहा था कि भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने 30 अक्टूबर की दोपहर को ‘खुलेआम’ कहा था कि मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया जाएगा और उसी दिन मुख्यमंत्री को समन किया गया था. पात्रा ने पलटवार करते हुए कहा, ”जब मनीष सिसोदिया और संजय सिंह को ईडी ने तलब किया तो आपने (केजरीवाल) अपने भाषण में कहा कि आप जानते थे कि ईडी उन्हें गिरफ्तार करेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu