बंगाल में रामनवमी समारोहों के दौरान भाजपा ने हिंसा भड़काई : ममता बनर्जी का आरोप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 19 Apr 2024 08:35 PM
बंगाल में रामनवमी समारोहों के दौरान भाजपा ने हिंसा भड़काई : ममता बनर्जी का आरोप
ऑडियो सुनें

हरिहरपाड़ा. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर रामनवमी समारोहों के दौरान राज्य में हिंसा भड़काने का शुक्रवार को आरोप लगाया. बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने राजनीतिक हितों को पूरा करने के लिए खून-खराबा और हिंसा में यकीन रखती है. अल्पसंख्यक बहुल मुर्शिदाबाद जिले के हरिहरपाड़ा में एक रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव ”देश की आजादी की दूसरी लड़ाई” से कम नहीं है, क्योंकि केंद्र की सत्ता में लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए भाजपा के बने रहने से संविधान और लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा.

जंगीपुर में एक और चुनावी रैली में, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि निर्वाचन आयोग को ”भाजपा के आयोग” के रूप में काम नहीं करना चाहिए. उन्होंने भाजपा उम्मीदवार एवं केंद्रीय मंत्री निसिथ प्रमाणिक के हित को पूरा करने के लिए कूच बिहार में राज्य के सुरक्षा बलों को बाहर रखने और केवल केंद्रीय बलों को तैनात करने के पार्टी के दवाब के आगे घुटने टेकने का निर्वाचन आयोग पर आरोप लगाया.

बनर्जी ने कहा, ”मुझे केंद्रीय बल पसंद है. लेकिन भाजपा के सदस्य के रूप में उनका इस्तेमाल किये जाने के मैं खिलाफ हूं. मैं निर्वाचन आयोग से पूछना चाहती हूं कि कूच बिहार में इस तरह से केंद्रीय बलों का इस्तेमाल क्यों किया जा रहा? आप इस तरह की स्थिति में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद कैसे करेंगे? यह शर्म की बात है कि निर्वाचन आयोग भाजपा का आयोग बन गया है.” उन्होंने कहा, ”प्रमाणिक निर्देश दे रहे हैं कि केंद्रीय बल चुनाव कराए. क्या यह अनैतिक नहीं है.”

उन्होंने कहा, ”भाजपा अपना वर्चस्व स्थापित करने के लिए विपक्ष को कुचलने में यकीन रखती है. वे लोगों को बांटने में यकीन रखते हैं. वे मानवता को तार-तार करने में यकीन रखते हैं. भाजपा समान नागरिक संहिता लागू करना चाहती है. यदि यह हुआ तो लोगों के अपने धर्म, संस्कृति और रीति-रिवाजों के अनुरूप आचरण करने का अधिकार छीन जाएगा.” बनर्जी ने भाजपा पर अल्पसंख्यकों और दलितों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी स्वामी विवेकानंद, रवींद्रनाथ टैगोर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी और अबुल कलाम आजाद के सिद्धांतों से भटक गई है.

हरिहरपाड़ा में मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मुर्शिदाबाद जिले में रामनवमी पर हुई हिंसा की साजिश पहले से रची गई थी. उन्होंने भाजपा पर लोकसभा चुनाव से पहले इसे अंजाम देने का आरोप लगाया. पुलिस ने बताया कि बुधवार को मुर्शिदाबाद के शक्तिपुर इलाके में एक शोभायात्रा के निकट हुए विस्फोट में एक महिला घायल हो गई थी. भाजपा ने आरोप लगाया है कि जिले के रेजीनगर इलाके में रामनवमी की शोभायात्रा पर पथराव किया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu