भाजपा ने शाहजहां मामले को सीबीआई को हस्तांतरित करने पर कहा, ‘सत्यमेव जयते’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 05 Mar 2024 09:47 PM
भाजपा ने शाहजहां मामले को सीबीआई को हस्तांतरित करने पर कहा, ‘सत्यमेव जयते’
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय के उस आदेश की सराहना की, जिसमें जनवरी में पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में तृणमूल कांग्रेस के नेता शाहजहां शेख के कथित इशारे पर भीड़ द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अधिकारियों पर हमले का मामला सीबीआई को स्थानांतरित करने का आदेश दिया गया.

पार्टी ने इसे सच्चाई की जीत करार दिया. भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, “सत्यमेव जयते.” उन्होंने राज्य पुलिस पर अदालत की आलोचनात्मक टिप्पणियों का हवाला देते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने शेख को बचाने का प्रयास किया, जबकि पुलिस राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी की शाखा के तौर पर काम कर रही थी. कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पांच जनवरी को संदेशखाली में प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों पर हुए हमले की जांच पश्चिम बंगाल पुलिस से सीबीआई को स्थानांतरित करने का आदेश दिया.

अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि तृणमूल कांग्रेस नेता शेख को केंद्रीय एजेंसी को सौंप दिया जाए, जिन्हें पश्चिम बंगाल पुलिस ने 29 फरवरी को गिरफ्तार किया था. पूनावाला ने दावा किया कि उच्च न्यायालय के आदेश ने भाजपा के रुख की पुष्टि की है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने शुरू में शेख का बचाव किया और जब उनके खिलाफ शिकायतें बढ़ीं, तो उनकी गिरफ्तारी और पार्टी से हटाने की साजिश रची गई.

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि संदेशखाली में जमीन हड़पने और महिलाओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे शेख को इस समय ‘धर्मनिरपेक्ष संरक्षण’ में रखा गया था. कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी वाद्रा जैसी महिलाओं ने संदेशखाली की महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों पर चुप्पी साध रखी है. पश्चिम बंगाल सरकार ने उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती देते हुए उच्चतम न्यायालय का रुख किया, लेकिन पीठ ने याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया और उसके वकील से कहा कि वह रजिस्ट्रार जनरल के समक्ष मामले का उल्लेख करें.

संवाददाता सम्मेलन में, पूनावाला ने मूडीज द्वारा 2024 के लिए भारत के लिए अपने विकास पूर्वानुमान को 6.1 प्रतिशत से संशोधित करके 6.8 प्रतिशत करने की भी बात की. उन्होंने दावा किया कि रेटिंग एजेंसी ने भी “मोदी की गारंटी” का समर्थन किया है. इस संदर्भ में, उन्होंने राहुल गांधी के इस दावे के लिए भी आलोचना की कि भारत में बेरोजगारी पाकिस्तान की तुलना में बदतर है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता देश की अर्थव्यवस्था और स्थिति को कमजोर करने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu