सेंट्रल विस्टा : इंडिया गेट के पास लगे संकेतक बोर्ड से राजपथ नाम हटाया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 11 Sep 2022 08:46 PM
सेंट्रल विस्टा : इंडिया गेट के पास लगे संकेतक बोर्ड से राजपथ नाम हटाया गया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली में राजपथ का नाम बदलकर ‘कर्तव्य पथ’ किए जाने के बाद इंडिया गेट के आसपास लगे संकेतक बोर्ड से राजपथ नाम हटा दिया गया है. नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा सात सितंबर की विशेष बैठक में ऐतिहासिक सड़क का नाम बदलने को मंजूरी देने का नोटिस जारी करने के बाद यह कदम उठाया गया है.

इंडिया गेट के चारों ओर हरे रंग के बैकग्राउंड और सफेद अक्षरों वाले संकेतक बोर्ड स्टील के खंभे पर लगाए गए हैं. शुक्रवार देर रात एक खंभे पर दो मार्ग-शेर शाह सुरी मार्ग और डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग के नाम अंकित थे, जबकि राजपथ नाम हटा दिया गया था. साथ ही अन्य बोर्ड से भी राजपथ नाम हटा दिया गया था. रविवार को एक अन्य संकेतक बोर्ड के बीच की प्लेट से ‘राजपथ’ नाम हटा हुआ देखा गया, जबकि दो अन्य प्लेट पर ‘अकबर रोड’ और ‘अशोक रोड’ लिखा हुआ था.

एनडीएमसी के सूत्रों ने कहा कि संकेतक बोर्ड से ‘राजपथ’ नाम हटाने का काम पुर्निवकास परियोजना पर काम कर रहे प्राधिकारियों द्वारा आधिकारिक मंजूरी दिए जाने के बाद किया जा रहा है. इसे नाम को बदलकर ‘कर्तव्य पथ’ किया जाएगा. नए नाम ‘कर्तव्य पथ’ वाले बड़े संकेतक बोर्ड सड़कों पर लगाए गए हैं. कई युवा ‘कर्तव्य पथ’ वाले नए संकेतक बोर्ड के साथ सेल्फी लेते देखे गए.

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘राजपथ की जगह ‘कर्तव्य पथ’ (चार भाषाओं में) वाले ये नए हरे बोर्ड सेंट्रल विस्टा परियोजना के अधिकारियों द्वारा एक ‘थीम’ के अनुरूप लगाए गए हैं.’’ अंग्रेजों के शासन के दौरान राजपथ को ंिकग्सवे, जबकि जनपथ को क्वींसवे के नाम से जाना जाता था. आजादी के तुरंत बाद दोनों ऐतिहासिक सड़कों का नाम बदल दिया गया था.

केंद्रीय विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने सात सितंबर को कहा था, ‘‘आजादी के 75 साल बाद ऐसा महसूस किया गया है कि राजपथ का नाम लोकतंत्र के मूल्यों, सिद्धांतों एवं एक समकालीन नए भारत के अनुरूप बदलने की जरूरत है. ‘कर्तव्य पथ’ उन सभी को भी प्रेरित करेगा, जो देश, समाज और अपने परिवार के प्रति कर्तव्यों का पालन करने के लिए सड़क पर जाते हैं या उसे पार करते हैं.’’ मीनाक्षी लेखी एनडीएमसी की सदस्य भी हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आठ सितंबर को ‘कर्तव्य पथ’ का उद्घाटन किया था और इसे नौ सितंबर से जनता के लिए खोल दिया गया था. उन्होंने लोगों से ‘कर्तव्य पथ’ पर सेल्फी लेने और इसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने का आग्रह किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu