
रायपुर. छत्तीसगढ़ में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने राज्य में सत्ता बरकरार रखने के लिए पुराने नेताओं पर भरोसा जताने के साथ ही नये चेहरों को भी मौका देने की कोशिश की है. राज्य में अगले महीने की सात और 17 तारीख को दो चरणों में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है.
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने रविवार को 30 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी, जिसमें 22 मौजूदा विधायकों के नाम भी शामिल हैं. सूची में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव, विधानसभा अध्यक्ष चरण दास महंत समेत सभी मंत्रियों को स्थान दिया गया है. पार्टी ने अपने प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक बैज को भी चुनाव मैदान में उतारा है. कांग्रेस ने आठ मौजूदा विधायकों का टिकट काट दिया है और छह नये चेहरों को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है.
पहली सूची की 30 सीटों में से 14 अनुसूचित जनजाति (एसटी) और तीन अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित हैं. अन्य 13 सामान्य सीटों में से नौ पर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है. पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, मुख्यमंत्री बघेल अपने वर्तमान विधानसभा क्षेत्र पाटन से ही चुनाव लड़ेंगे, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार और उनके रिश्तेदार विजय बघेल उन्हें चुनौती दे रहे हैं.
वहीं, उपमुख्यमंत्री सिंहदेव को भी उनके वर्तमान विधानसभा क्षेत्र अंबिकापुर से उम्मीदवार बनाया गया है. राज्य के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू को दुर्ग-ग्रामीण, विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत को सक्ती और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा मंत्री मोहन मरकाम को कोंडागांव से टिकट दिया गया है. पार्टी ने चित्रकोट विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक राजमन बेंजाम का टिकट काट दिया है. उनके स्थान पर बस्तर क्षेत्र के सांसद और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला लिया गया है.
बैज ने चित्रकोट से 2018 का विधानसभा चुनाव जीता था, लेकिन 2019 में लोकसभा चुनाव में विजयी होने के बाद उन्होंने यह सीट खाली कर दी थी. कांग्रेस उम्मीदवार राजमन बेंजाम ने इस सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल की थी. पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के निर्वाचन क्षेत्र राजनांदगांव से उनके खिलाफ कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन को चुनाव मैदान में उतारा है. देवांगन मुख्यमंत्री बघेल के करीबी माने जाते हैं.
कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में ही मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्रियों को शामिल किया है. सूची के मुताबिक, मंत्री अमरजीत भगत सीतापुर से, उमेश पटेल खरसिया से, जयसिंह अग्रवाल कोरबा से, शिवकुमार डहरिया आरंग से, अनिला भेड़िया डौंडी लोहारा से, रविंद्र चौबे साजा से, मोहम्मद अकबर कवर्धा से और कवासी लखमा कोंटा से चुनाव लडेंगे.
पार्टी ने मंत्री गुरु रुद्र कुमार को नवागढ़ सीट से चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है. गुरु रुद्र कुमार वर्तमान में अहिवारा से विधायक हैं. वह एकमात्र मंत्री हैं, जिनका विधानसभा क्षेत्र बदला गया है. कांग्रेस ने पहली ही सूची में आठ मौजूदा विधायकों-नवागढ़ से गुरुदयाल सिंह बंजारे, पंडरिया से ममता चंद्राकर, डोंगरगढ़ से भूनेश्वर शोभाराम वर्मा, खुज्जी से छन्नी साहू, अंतागढ़ से अनूप नाग, कांकेर से शिशुपाल सोरी, चित्रकोट से राजमन बेंजाम और दंतेवाड़ा से देवती कर्मा का टिकट काट दिया है.
पार्टी ने पंडरिया से कवर्धा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नीलकंठ चंद्रवंशी को, डोंगरगढ़ से राजनांदगांव जिला पंचायत की सदस्य र्हिषता स्वामी बघेल को, खुज्जी से पूर्व विधायक भोला राम साहू को, अंतागढ़ से रूप साय पोटाई को, कांकेर से शंकर ध्रुव को और दंतेवाड़ा से विधायक देवती कर्मा एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र के पुत्र छविंद्र कर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है.
कांग्रेस की पहली सूची में चार महिला उम्मीदवार-मंत्री अनिला भेड़िया, खैरागढ़ की विधायक यशोदा वर्मा, र्हिषता स्वामी बघेल और भानुप्रतापपुर की विधायक सावित्री मंडावी को जगह दी गई है. पार्टी ने यशोदा वर्मा (खैरागढ़), दलेश्वर साहू (डगोंगरगांव), इंद्रशाह मंडावी (मोहला-मानपुर एसटी), सावित्री मंडावी (भानुप्रतापपुर-एसटी), संत राम नेताम (केशकाल-एसटी), चंदन कश्यप (नारायणपुर-एसटी), लखेश्वर बघेल (बस्तर-एसटी), विक्रम मंडावी (बीजापुर-एसटी) और अन्य मौजूदा विधायकों पर फिर से भरोसा जताया है.
सूची में शामिल नौ ओबीसी उम्मीदवारों में से तीन साहू समाज से संबंधित हैं, जो राज्य में एक प्रमुख ओबीसी समुदाय है, जिसने पिछले चुनावों में कांग्रेस की जीत में बड़ा योगदान दिया था. कांग्रेस ने जगदलपुर सीट के लिए उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है. यह उन 20 सीटों में से एक है, जहां पहले चरण में सात नवंबर को मतदान होगा. पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 13 अक्टूबर से शुरू हो गई है.
दूसरे चरण का मतदान 17 नवंबर को होगा, जिसमें बाकी 70 निर्वाचन क्षेत्र शामिल होंगे. वोटों की गिनती तीन दिसंबर को की जाएगी.
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 85 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है, जिनमें पहले चरण की 20 सीटें भी शामिल हैं.
कांग्रेस ने 2018 के चुनावों में 90 सदस्यीय विधानसभा की 68 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी. वहीं, भाजपा 15 सीटों पर सिमट गई थी. राज्य में जेसीसी (जे) और बसपा को क्रमश? पांच और सती सीटें मिली थीं. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस विधायकों की मौजूदा संख्या 71 है. पार्टी ने इस बार 75 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है.

कांग्रेस की पहली सूची जारी, आठ विधायकों का नाम नहीं होने पर भाजपा ने साधा निशाना
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की छत्तीसगढ़ इकाई के अध्यक्ष अरुण साव ने रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली राज्य सरकार अपनी नाकामियों का ठीकरा विधायकों पर फोड़ने का प्रयास कर रही है. साव ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जारी सत्तारूढ़ कांग्रेस की पहली सूची में आठ मौजूदा विधायकों का नाम नहीं होने के बाद यह टिप्पणी की है.
साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नवरात्रि के पहले दिन अपनी पहली सूची जारी करके ‘सनातनी’ (हिंदू धर्म समर्थक) होने का दिखावा कर रही है, लेकिन कवर्धा, बिरनपुर और मोहला मानपुर में (सांप्रदायिक) घटनाएं सनातन धर्म तथा उसके अनुयायियों के प्रति पार्टी की नफरत को दर्शाती हैं.
छत्तीसगढ़ में सात और 17 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा, जबकि मतगणना तीन दिसंबर को होगी. कांग्रेस ने रविवार को 30 उम्मीदवारों की सूची जारी की, जिसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उनकी कैबिनेट के 12 सहयोगियों और राज्य की विधानसभा के अध्यक्ष चरणदास महंत समेत 22 विधायकों का नाम शामिल हैं.
पार्टी ने आठ मौजूदा विधायकों को टिकट नहीं दिया है, जबकि राज्य इकाई के प्रमुख और सांसद दीपक बैज को उम्मीदवार बनाया है.
साव ने कहा, “जिस तरह से कांग्रेस ने आठ विधायकों को टिकट देने से इनकार कर दिया है, उससे पता चलता है कि भूपेश बघेल ने अपनी सरकार की विफलता के लिए अपने विधायकों पर दोष मढ़ दिया है. कांग्रेस ने उन उम्मीदवारों को फिर से मैदान में उतारा है, जिन्होंने भ्रष्टाचार को संरक्षण दिया है. यह (सत्ता बरकरार रहने पर) पार्टी के घोटाला करने के इरादे को दर्शाता है.”
भाजपा नेता ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ की जनता इस तरह के कदमों से वाकिफ है और चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाएगी.
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रमुख दीपक बैज ने कहा कि सूची संतुलित है, क्योंकि इसमें पुराने और नए चेहरे शामिल हैं. उन्होंने कहा कि सूची नवरात्रि के ‘शुभ दिन’ जारी की गई है और पार्टी को ‘भगवान का आशीर्वाद’ मिलेगा. बैज ने कहा, “पहले चरण (7 नवंबर को) में जिन 20 सीट पर मतदान होना है, उनमें से 19 के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी गई है. जगदलपुर के लिए उम्मीदवार का नाम शाम तक घोषित किया जाएगा. हम (90 सदस्यीय सदन में) 75 सीट जीतने का लक्ष्य हासिल करेंगे.”



