कांग्रेस अपनी प्रासंगिकता खो चुकी है: राजनाथ सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 19 Apr 2024 09:26 PM
कांग्रेस अपनी प्रासंगिकता खो चुकी है: राजनाथ सिंह
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस अपनी प्रासंगिकता खो चुकी है और भाजपा राष्ट्र निर्माण के लिए राजनीति करती है, न कि महज सत्ता पाने के लिए. केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी के लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले पार्टी की एक सभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर डी. सुब्बाराव ने अपनी पुस्तक में लिखा है कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान अर्थव्यवस्था के संबंध में “सब कुछ अच्छा दिखाने” का दबाव होता था.

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हस्तक्षेप के कारण रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध चार घंटे से अधिक समय तक रुका रहा ताकि भारत अपने नागरिकों को निकाल सके. सिंह ने कहा, “मैं कहना चाहता हूं कि कांग्रेस पूरी तरह अप्रासंगिक हो चुकी है. कांग्रेस भारतीय राजनीति में लगातार अपनी प्रासंगिकता खो रही है. कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति में लिप्त है. जब राजनीति की बात आती है तो भाजपा जाति, पंथ और धर्म के नाम पर नहीं, बल्कि न्याय और मानवता के आधार पर सियासत करती है.”

उन्होंने कहा, “जहां तक भाजपा की बात है, हम महज सरकार बनाने के लिए राजनीति नहीं करते. हमारी पार्टी राष्ट्र निर्माण के लिए राजनीति करती है.” उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए दावा किया कि मोदी के नेतृत्व में देश में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है.

उन्होंने लोगों से सिकंदराबाद में किशन रेड्डी और मल्काजगिरि में एटला राजेंदर के लिए वोट करने और उन्हें भारी अंतर से जिताने का आग्रह किया. बाद में भाजपा उम्मीदवार टी. विनोद राव के नामांकन दाखिल करने से पहले राजनाथ सिंह ने यहां से लगभग 200 किलोमीटर दूर खम्मम में एक रैली को संबोधित किया. उन्होंने कहा, ”इस बार अगर भाजपा केंद्र में फिर से सत्ता में आई तो वह देश में समान नागरिक संहिता लागू करेगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu