कांग्रेस नेताओं ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 28 Jun 2023 10:28 PM
कांग्रेस नेताओं ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने बुधवार को छत्तीसगढ़ में पार्टी की रणनीति और चुनावी तैयारियों पर चर्चा की, जहां इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं. कांग्रेस मुख्यालय में हुई इस बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने की. बैठक में हिस्सा लेने वाले नेताओं में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और छत्तीसगढ़ के लिए पार्टी की प्रभारी कुमारी शैलजा शामिल थीं.

उन्होंने कहा कि पार्टी के सदस्य मिलकर काम करेंगे और छत्तीसगढ़ के लोगों के जीवन में बदलाव लाते रहेंगे. खरगे ने एक ट्वीट में कहा, ”गढ़बो नवा छत्तीसगढ़, ये हमारे लिए केवल कोई नारा नहीं है, छत्तीसगढ़ की उन्नति व सामाजिक न्याय के लिए एक ध्येय है. छत्तीसगढ़ की जनता और कांग्रेस पार्टी में उनका अटूट विश्वास, विकास की अविरल धारा को आगे बढ़ाता रहेगा.” पार्टी सूत्रों ने कहा कि बैठक के दौरान कांग्रेस की आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया. उन्होंने कहा कि गांधी ने बैठक में नेताओं से कहा कि वे राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के साथ ही उन्हें यह भी बतायें कि वह उनके लिए और क्या करने का इरादा रखती है.

सूत्रों ने कहा कि सभी ने एकजुट होकर काम करने पर सहमति व्यक्त की और महसूस किया कि यह एकजुटता कहीं और की तुलना में छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक देखी गई है. बाद में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि खरगे ने पार्टी नेताओं से कहा कि ”संविधान हमारे लिए सर्वोपरि है.” उन्होंने कहा, ”भाजपा के पास धार्मिक मुद्दों के अलावा कोई एजेंडा नहीं है. वे धर्म और जाति के नाम पर नकारात्मक राजनीति करते हैं. लेकिन हमारा एजेंडा काम करना और लोगों को एकजुट करना है और हमारी अपनी विचारधारा है तथा हम उसके अनुसार काम करेंगे.”

शैलजा के मुताबिक, गांधी ने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की जरूरत पर जोर दिया. शैलजा ने कहा कि गांधी हमेशा लोगों को जोड़ना और प्रेम एवं सद्भाव फैलाना चाहते हैं. उन्होंने कहा, “सभी ने एक ही बात कही कि हम साथ मिलकर काम करेंगे. हम साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे.” कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता चुनाव प्रचार के लिए प्रशिक्षण ले रहे हैं. एक ओर जहां छत्तीसगढ़ सरकार की उपलब्धियों को पेश किया जाएगा वहीं दूसरी ओर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मार्गदर्शन मांगा जाएगा.

बैठक में कांग्रेस की छत्तीसगढ़ इकाई के प्रमुख मोहन मरकाम और मंत्री टी एस सिंह देव सहित अन्य मंत्री भी शामिल हुए. बैठक के बाद बघेल ने ट्वीट किया कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है और बैठक में ‘नवा छत्तीसगढ़’ मॉडल के माध्यम से लोगों के जीवन में लाए जा रहे बदलावों पर चर्चा हुई.

कांग्रेस महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल ने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी छत्तीसगढ़ में सत्ता बरकरार रखेगी. उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ”कांग्रेस की छत्तीसगढ़ सरकार ने दोहराये जाने के लिए पूरे देश के सामने एक मॉडल पेश किया है. हमने अगले कदमों के बारे में सार्थक चर्चा की और हमें विश्वास है कि हम राज्य में सत्ता बरकरार रखेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu