बीआरएस सरकार में भ्रष्टाचार का बोलबाला, भाजपा शासित राज्यों में कोई भ्रष्टाचार नहीं : राजनाथ सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 24 Nov 2023 07:54 PM
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कथित भ्रष्टाचार और परिवारवाद को लेकर तेलंगाना में के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार पर हमला करते हुए दावा किया कि भाजपा शासित राज्यों में कोई भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता.

सिंह ने मेडचल में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया, ”बीआरएस सरकार बनने के बाद, तेलंगाना में भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ गया. आप देख रहे होंगे कि इस सरकार के खिलाफ जांच भी चल रही है. उनके (केसीआर) परिवार के सदस्यों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप हैं.” उन्होंने दावा किया कि देश में भाजपा शासित किसी भी राज्य सरकार पर कोई भ्रष्टाचार के आरोप की उंगली नहीं उठा सकता.

सिंह ने दावा किया, ”हम सभी और तेलंगाना के लोग ‘राज्य प्रथम’ कहते हैं लेकिन बीआरएस कहता है ‘परिवार प्रथम’. मैं बताना चाहता हूं कि अगर भाजपा यहां (तेलंगाना में) अपनी सरकार बनाती है, तो यहां ‘परिवार प्रथम’ नहीं, बल्कि ‘तेलंगाना प्रथम’ होगा.” उन्होंने दावा किया कि आजादी के बाद शायद ही कोई कांग्रेस सरकार रही होगी, जिस पर भ्रष्टाचार के आरोप न लगे हों, यहां तक कि उनके मंत्रियों को भ्रष्टाचार के आरोप में जेल तक जाना पड़ा.

सिंह ने कहा, ”आपने अटल बिहारी वाजपेयी सरकार का कार्यकाल देखा है और अब नरेन्द्र मोदी सरकार पिछले नौ वर्षों से सत्ता में है. कोई भी भाजपा के किसी भी मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा सकता और न ही किसी मंत्री को जेल जाना पड़ा है.” रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री केसीआर पर तेलंगाना के लोगों से किए गए ”वादे पूरे नहीं करने” का भी आरोप लगाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu