मौनी अमावस्या पर अयोध्या में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 Jan 2025 09:55 PM
मौनी अमावस्या पर अयोध्या में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
ऑडियो सुनें

अयोध्या. उत्तर प्रदेश के अयोध्या में मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गयी और एक अनुमान के मुताबिक पिछले 72 घंटे में 50 लाख से भी अधिक श्रद्धालु यहां पहुं­चे हैं. देर शाम तक अयोध्या श्रद्धालुओं से पटी नजर आई और श्रद्धालु राम मंदिर व हनुमानगढ़ी के बाहर देर रात तक कतार में खड़े दिखाई दिये.

एक बयान के मुताबिक, पिछले 72 घंटे में 50 लाख से भी अधिक श्रद्धालु राम नगरी पहुंच हैं और यह क्रम वसंत पंचमी तक जारी रहेगा.
मौनी अमावस्या पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सरयू नदी के घाटों पर डुबकी लगाई. अयोध्या पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सेहत का ख्याल रखने के लिए विशेष इंतजाम किये गए हैं और अयोध्या धाम में पहुंची भीड़ को देखते हुए मेला क्षेत्र में सभी तरह के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.

इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने वसंत पंचमी तक के लिए सभी चिकित्सकों की छुट्टियां रद कर 24 घंटे आकस्मिक सेवाओं को चालू रखने का निर्देश दिया है. मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि 13 जगहों पर अस्थायी स्वास्थ्य शिविर का संचालन 26 फरवरी तक जारी रहेगा.

वहीं पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि भीड़ को देखते हुए यातायात परिवर्तन किया गया है और राजमार्ग पर बड़े वाहनों को रोक दिया गया है. नगर आयुक्त संतोष शर्मा ने बताया कि लगभग 30 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने का इंतजाम किया गया है. अपर पुलिस महानिदेशक (जोन लखनऊ) एसबी शिरोडकर भी बुधवार को तैयारियों के मद्देनजर अयोध्या पहुंचे और स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उनके साथ पुलिस उपमहानिरीक्षक (देवी पाटन मंडल) अमित पाठक भी मौजूद रहे. वहीं मंडलायुक्त गौरव दयाल व पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने नियंत्रण कक्ष से प्रमुख स्थलों का जायजा लिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu