दिल्ली धमाके में मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हुई, कई शहरों में हाई अलर्ट, गृह मंत्री ने की उच्च स्तरीय बैठक

नई दिल्ली: दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद दिल्ली समेत देश के कई शहरों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली में उच्च स्तरीय बैठक की। इस बैठक में कई शीर्ष अधिकारी शामिल हुए। इस बैठक में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, इंटेलिजेंस ब्यूरो के डायरेक्टर तपन डेका, दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा और एनआईए के डीजी सदानंद वसंत शामिल हुए। जम्मू और कश्मीर के DGP नलिन प्रभात भी वर्चुअली बैठक में शामिल हुए।

बैठक के दौरान शीर्ष अधिकारियों ने दिल्ली धमाके के बाद की स्थिति पर विस्तार से प्रजेंटेशन दिया। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार शाम को रेड फोर्ट मेट्रो स्टेशन के पास एक ट्रैफिक सिग्नल पर एक धीमी गति से चल रही कार में ब्लास्ट हुआ, जिसमें 12 लोग मारे गए और कई गाड़ियां जल गईं।

धमाके में मारे गए छह लोगों की पहचान हुई

दिल्ली में कार में हुए विस्फोट के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार रात को घटनास्थल का भी दौरा किया था। दिल्ली धमाके में मारे गए 12 लोगों में से छह की पहचान हो गई है। तीन शवों की पहचान डीएनए जांच से की जाएगी। एहतियातन दिल्ली मेट्रो के लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक और चार को बंद कर दिया गया है। साथ ही लाल किले जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं और लाल किले में भी आम जनता की एंट्री बंद कर दी गई है। फोरेंसिक टीम घटनास्थल की जांच कर रही हैं।

गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम की धाराओं में दर्ज किया गया मामला

बीती रात हुए धमाके के बाद पुलिस ने शुरुआत में विस्फोटक कानून की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। हालांकि बाद में जांच के बाद गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम कानून के तहत भी मामला दर्ज कर लिया गया है। दिल्ली पुलिस, फोरेंसिक टीम, एनएसजी की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और सबूत जुटाने की कोशिश की जा रही है। दिल्ली में भीड़भाड़ वाले इलाकों जैसे बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन आदि पर निगरानी बढ़ा दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, धमाके के मामले में दिल्ली पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button