फोगाट की मौत से जुड़े रेस्तरां को ढहाने का काम फिर शुरू

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 09 Sep 2022 07:29 PM
फोगाट की मौत से जुड़े रेस्तरां को ढहाने का काम फिर शुरू
ऑडियो सुनें

पणजी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हरियाणा इकाई की नेता सोनाली फोगाट की मौत से जुड़े गोवा के अंजुना बीच पर कर्लीज रेस्तरां के कुछ हिस्सों को गिराने का काम शुक्रवार दोपहर फिर से शुरू कर दिया गया. इससे पहले सुबह शुरू की गई ढहाये जाने की प्रक्रिया उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद बीच में ही रोक दी गई थी. गोवा तटीय क्षेत्र प्रबंधन प्राधिकरण (जीसीजेडएमए) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शीर्ष अदालत ने पहले दिन में इसे ढहाने पर रोक लगा दी थी इसलिए कार्रवाई कुछ घंटों के लिए रोक दी गई थी, लेकिन न्यायालय का यह आदेश एक खास सर्वेक्षण संख्या पर आधारित ढांचों को गिराए जाने से ही संबंधित है.

जीसीजेडएमए ने 2016 में रेस्तरां के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया था क्योंकि इसके कुछ हिस्से तटीय क्षेत्रों में निर्माण गतिविधि को नियंत्रित करने वाले तटीय नियमन क्षेत्र (सीआरजेड) के नियमों का उल्लंघन करके ‘निर्माण के लिए निषिद्ध क्षेत्र’ में बने थे.
अधिकारी ने बताया, ‘‘उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद, हमने उस विशेष हिस्से का सर्वेक्षण किया और इसे ढहाये जाने संबंधी अभियान से बाहर रखा गया है. तटीय नियमन क्षेत्र के नियमों का उल्लंघन करने वाले बाकी हिस्सों को तोड़ा जा रहा है.’’ ‘कर्लीज’ नामक यह रेस्तरां उत्तरी गोवा के प्रसिद्ध अंजुना बीच पर स्थित है. मौत से कुछ घंटों पहले फोगाट इसी रेस्तरां में पार्टी कर रही थीं. इसी कारण यह रेस्तरां हाल में सुर्खियों में रहा था.

इस रेस्तरां के मालिक एडविन नून्स समेत पांच लोगों को फोगाट की मौत के मामले में गिरफ्तार किया गया था, हालांकि नून्स को बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया था. उत्तरी गोवा जिला प्रशासन के विध्वंस दस्ते ने शुक्रवार सुबह 7.30 बजे रेस्तरां के कुछ हिस्सों को गिराना शुरू किया. उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद पूर्वाह्न लगभग 11.30 बजे प्रक्रिया रोक दी गई थी.

प्रधान न्यायाधीश उदय उमेश ललित की अगुवाई वाली एक पीठ ने यह स्पष्ट किया कि विशिष्ट सर्वेक्षण संख्या के अलावा किसी और जमीन पर बने अवैध ढांचे गिराए जा सकते हैं. पीठ ने ‘कर्लीज’ रेस्तरां मालिक को वाणिज्यिक गतिविधियां फिलहाल रोकने का निर्देश दिया. पुलिस के मुताबिक, पूर्व टिकटॉक स्टार एवं रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ की प्रतिभागी रहीं फोगाट को रेस्तरां में कथित तौर पर नशीला पदार्थ दिया गया था, जिसके बाद 23 अगस्त को उनकी मौत हो गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav