रोजगार मेला था ‘इवेंट’, शासन के स्तर को नीचे गिराया गया: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 May 2023 09:10 PM
रोजगार मेला था ‘इवेंट’, शासन के स्तर को नीचे गिराया गया: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 71 हजार नियुक्ति पत्र बांटे जाने को लेकर मंगलवार को उन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकारी विभागों में 30 लाख पद खाली हैं, लेकिन भर्ती पत्र बांटने को ‘इवेंट’ बनाया गया है. मुख्य विपक्षी दल ने यह आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने रोजग़ार मेले के माध्यम से शासन के स्तर को और नीचे गिराया है.

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्वीट किया, ‘‘सालाना 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा करने वाले मोदी जी ने, 9 साल में, अब तक 18 करोड़ युवाओं के सपने चकनाचूर कर दिए.’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘सरकारी महकमों में 30 लाख़ पद ख़ाली हैं, पर आज सिफऱ् 71,000 भर्ती पत्र बांटने का इवेंट बनाया गया है. कांग्रेस पार्टी, युवाओं से किये विश्वासघात का पुरज़ोर जवाब देगी.’’ कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर आरोप लगाया, ‘‘शासन को व्यक्तिगत बनाकर प्रधानमंत्री ने शासन प्रणाली को ध्वस्त कर दिया है. वह जैसा कर रहे हैं वैसा पहले कभी नहीं हुआ है. उन्होंने अपने रोजग़ार मेले के माध्यम से शासन के स्तर को और नीचे गिराया है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा लग रहा है जैसे उन्होंने ख़ुद इन नौकरियों को पैदा किया है और जिन्हें ये नौकरियां मिल रही हैं उन लोगों को वह भुगतान भी ख़ुद ही करेंगे, इसीलिए नौकरी पाने वालों को सिर्फ और सिर्फ उनके प्रति आभार व्यक्त करना चाहिए.’’ रमेश ने आरोप लगाया, ‘‘इस देश में नौकरी की तलाश कर रहे युवा जानते हैं कि यह वही प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने नोटबंदी, ग़लत जीएसटी, एमएसएमई की बर्बादी और सार्वजनिक उपक्रमों का अंधाधुंध निजीकरण करके सरकारी और निजी दोनों ही क्षेत्रों में लाखों-लाख नौकरियों को ख़त्म कर दिया है. ’’

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज रोजगार मेले के तहत करीब 71 हजार नवनियुक्त र्किमयों को नियुक्ति पत्र सौंपे. ये नियुक्तियां केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के साथ-साथ राज्य सरकारों व केंद्र शासित प्रदेशों में भी हुई हैं.
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इन नवनियुक्त र्किमयों को संबोधित भी किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu