अमरनाथ यात्रा मार्ग के पास मुठभेड़, हिजबुल से जुड़े सबसे पुराने जीवित शख्स सहित तीन आतंकी ढेर

श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में शुक्रवार को सुरक्षाबलों के साथ हुई एक मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिद्दीन के एक कमांडर सहित तीन आतंकवादी मारे गए. पुलिस के मुताबिक यह मुठभेड़ अमरनाथ यात्रा मार्ग के पास हुई. पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक अनंतनाग जिले के पहलगाम क्षेत्र के श्रीचंद वन क्षेत्र में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने वहां घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया.

पुलिस अधिकारी के अनुसार सुरक्षाबल के जवान जब एक विशेष क्षेत्र की ओर बढ़ रहे थे, तो वहां पहले से मौजूद आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी. सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद तलाशी अभियान मुठभेड़ में बदल गया.  पुलिस अधिकारी के अनुसार मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए हैं. मारे गए आतंकवादी हिजबुल मुजाहिद्दीन के हैं और उनकी शिनाख्त की जा रही है.

कश्मीर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार के मुताबिक मारे गए एक आतंकवादी की पहचान अशरफ मौलवी के रूप में की गयी है. अशरफ हिजबुल मुजाहिद्दीन से काफी लंबे समय से जुड़ा हुआ था और वह संगठन का सबसे पुराना जीवित शख्स था.

उन्होंने ट्विटर पर कहा, ‘‘अनंतनाग मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिद्दीन के सबसे पुराने जीवित सदस्य अशरफ मौलवी और दो अन्य आतंकवादी मारे गए हैं.’’ पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि अमरनाथ यात्रा मार्ग पर चलाया गया यह अभियान सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी सफलता है. गौरतलब है कि दो साल के अंतराल के बाद 30 जून से अमरनाथ यात्रा की शुरुआत हो रही है. पहलगाम अमरनाथ यात्रा के लिए एक प्रमुख आधार शिविर है.

लश्कर-ए-तैयबा का ‘हाइब्रिड’ आतंकी और उसका सहयोगी बारामुला में गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को लश्कर-ए-तैयबा के ‘हाइब्रिड’ आतंकी और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आतंकियों के पास से हथियार और गोला बारूद बरामद किये गये. पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि आतंकियों की गतिविधियों के बारे में विशिष्ट सूचना पर बारामूला की चेरादारी पहाड़ी के पास सुरक्षा बलों ने नाकाबंदी की थी.

इस नाके पर जांच के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों ने संयुक्त बल की मौजूदगी को भांप कर मौके से भागने का प्रयास किया. प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षा बलों ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आतंकियों की पहचान आशिक हुसैन लोन निवासी हैदर मोहल्ला, उशकारा, बारामुला के रूप में हुई है. दूसरे आतंकी की पहचान उजैर अमीन गनी निवासी कंठबाग, बारामुला के रूप में हुई है.

प्रवक्ता ने बताया कि तलाशी के दौरान उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया जिसमें एक पिस्तौल, एक मैगजीन, आठ कारतूस, दो हथगोले और दो यूबीजीएल हथगोले बरामद किए गए. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आतंकी प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हैं.

प्रवक्ता ने कहा कि बारामूला और उसके आस-पास के इलाकों में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के इरादे से इन आतंकियों ने कुछ विदेशी आतंकवादियों के माध्यम से अवैध हथियार और गोला-बारूद हासिल किया. प्रवक्ता ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि ‘हाइब्रिड’ आतंकी आतंकवाद के कारणों से सहानुभूति रखते हैं तथा लक्षित हमलों को अंजाम देने के लिए पर्याप्त रूप से कट्टरता दर्शाते हैं और फिर सामान्य जीवन जीने लगते हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button