जम्मू कश्मीर में नयी सरकार से आतंकवाद, अलगाववाद पर कड़ी कार्रवाई की उम्मीद करते हैं: रैना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 09 Oct 2024 10:07 PM
जम्मू कश्मीर में नयी सरकार से आतंकवाद, अलगाववाद पर कड़ी कार्रवाई की उम्मीद करते हैं: रैना

ऑडियो सुनें

जम्मू. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू कश्मीर इकाई के प्रमुख रवीन्द्र रैना ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी जम्मू कश्मीर में मुख्य विपक्ष के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाएगी. रैना ने साथ ही उम्मीद जतायी कि नेशनल कांफ्रेंस नीत सरकार आतंकवाद और अलगाववाद पर कड़ी कार्रवाई करेगी तथा वहां शांति एवं भाईचारा रहेगा. उन्होंने यह भी कहा कि कश्मीर में भाजपा सर्मिथत निर्दलीय उम्मीदवारों और कुछ समान विचारधारा वाले दलों का खराब प्रदर्शन नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन के बहुमत के आंकड़े को छूने का कारण रहा.

रैना ने कहा, ”भाजपा ने 29 विधानसभा सीट जीतकर और सबसे अधिक मत प्रतिशत प्राप्त करके अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. हम लोगों के आभारी हैं और इस शानदार प्रदर्शन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा की भूमिका को भी स्वीकार करते हैं.” जम्मू कश्मीर भाजपा प्रमुख यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे. राजौरी जिले के अपने गृह क्षेत्र नौशेरा से नेशनल कॉन्फ्रेंस के सुरिंदर चौधरी से विधानसभा चुनाव हारने वाले रैना ने कहा कि भाजपा 35 सीट पर नजर गड़ाए हुए थी और पार्टी सर्मिथत निर्दलीय और कश्मीर के समान विचारधारा वाले समूहों के साथ मिलकर सरकार बनाने की योजना बनायी थी.

भाजपा नेता रैना ने कहा, ”उन निर्दलीय और पार्टियों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और वे सभी गठबंधन उम्मीदवारों से हार गए. सभी विजयी उम्मीदवारों को मेरी शुभकामनाएं. हमें उम्मीद है कि जो सरकार बनने जा रही है वह जनहित के लिए काम करेगी और वहां शांति, समृद्धि और भाईचारा होगा.” उन्होंने यह भी उम्मीद जतायी कि सरकार जम्मू कश्मीर में अलगाववाद और आतंकवाद पर कड़ा प्रहार करेगी. रैना ने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने जम्मू कश्मीर को परिर्वितत कर दिया है, जिससे सुरक्षा स्थिति और विकास में समग्र सुधार हुआ है.

उन्होंने कहा, “नयी सरकार को विशेष ध्यान देना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि जम्मू कश्मीर में कड़ी मेहनत से अर्जित शांति को कोई नुकसान न पहुंचे, जो पिछले 10 वर्षों में मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री के प्रयासों से संभव हुई है.” भाजपा नेता ने कहा कि गठबंधन सरकार से लोगों के साथ न्याय करने और अपने घोषणापत्र के अनुसार दिहाड़ी मजदूरों को नियमित करने की उम्मीद है.
रैना ने कहा, ”भाजपा के विजेता नयी विधानसभा में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे. वे पूरी ताकत से जनता के मुद्दे उठाएंगे और सुनिश्चित करेंगे कि लोगों की शिकायतों का समाधान हो. भाजपा शांति, समृद्धि और राष्ट्रवाद के वादे से बंधी है.” उन्होंने कहा कि पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने के लिए जल्द ही बैठक करेंगे.

उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री और नड्डा ने भाजपा के प्रदर्शन पर बधाई देने के लिए उन्हें फोन किया. रैना ने कहा, ”जम्मू क्षेत्र से कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस का लगभग सफाया हो गया है. कश्मीर में भाजपा का प्रदर्शन भी ध्यान देने योग्य है. पार्टी को राजौरी और पुंछ में दो लाख से अधिक वोट मिले, जहां उसे पहले चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार भी नहीं मिल पाए थे. लोगों ने पार्टी का समर्थन किया और हम उनके आभारी हैं.” नौशेरा क्षेत्र से अपनी हार पर रैना ने कहा कि उन्हें जीत की उम्मीद थी और ”हम बैठकर अपनी हार के कारणों पर विचार करेंगे.” उन्होंने कहा, ”नौशेरा के लोगों ने भाजपा को 27,000 से अधिक वोट दिए, जो 2014 के विधानसभा चुनाव की तुलना में बहुत अधिक है. 2022 में परिसीमन के बाद, निर्वाचन क्षेत्र का एक बड़ा हिस्सा सुंदरबनी-कालाकोट निर्वाचन क्षेत्र में स्थानांतरित हो गया, जिसे पार्टी ने 20,000 से अधिक मतों के बड़े अंतर से जीता.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu