नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि चीन द्वारा ‘स्पेशियलिटी र्फिटलाइजर’ की आपूर्ति रोके जाने के कारण यूरिया और डीएपी जैसे जरूरी खाद की कमी से किसान जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार की कोई तैयारी नहीं है. राहुल गांधी ने खबरों का हवाला देते हुए अपने व्हाट्सएप चैनल पर पोस्ट किया, ”भारत कृषि प्रधान देश है और किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ (हैं). लेकिन आज यही रीढ़ विदेशी निर्भरता के कारण झुकती जा रही है. भारत 80 प्रतिशत ‘स्पेशियलिटी र्फिटलाइजर’ चीन से मंगाता है और अब चीन ने आपूर्ति रोक दी है.”
उन्होंने कहा, ”यह पहली बार नहीं है कि यूरिया और डीएपी जैसे जरूरी खादों की कमी से देश भर का किसान अब तक जूझ ही रहा है कि अब स्पेशियलिटी खाद का ‘चीनी संकट’ मंडराने लगा.” राहुल गांधी ने दावा किया कि एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी खाद की बोरियों पर अपनी तस्वीरें छपवा रहे हैं और दूसरी तरफ किसान ‘मेड इन चाइना’ पर आश्रित होते जा रहे हैं.
उनका कहना था, ”यह आपूर्ति कभी भी रुक सकती है, ये पता होने के बावजूद सरकार ने कोई तैयारी नहीं की. जब घरेलू उत्पाद को बढ़ावा देने की जरूरत थी, उन्होंने कोई नीति, कोई योजना नहीं बनाई.” उन्होंने सवाल किया, ”क्या अब किसान अपनी मिट्टी में भी दूसरों का मोहताज रहेगा? कीमती वक्त और अच्छी फसल का नुकसान झेलता, कर्ज और हताशा में डूबता किसान पूछ रहा है कि किसका साथ, किसका विकास? ”