तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी मुंबई इंडियंस टीम से जुड़े

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 19 Jun 2023 09:48 PM
तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी मुंबई इंडियंस टीम से जुड़े
ऑडियो सुनें

मुंबई. अपने तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन से हताश मुंबई इंडियंस ने अनुभवी खिलाड़ी धवल कुलकर्णी को टीम में शामिल किया है और अगर वह ट्रेनिंग सत्र में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो बचे हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैचों के लिये उनके नाम पर विचार किया जा सकता है. आईपीएल सूत्रों के अनुसार 33 साल का बायें हाथ का तेज गेंदबाज टीम के ‘बायो-बबल’ से जुड़ गया है और वह जल्द ही ट्रेनिंग शुरू कर देगा .

कुलकर्णी पांच बार की चैम्पियन टीम के बुलाये जाने से पहले आधिकारिक प्रसारक की कमेंटरी टीम का हिस्सा थे. मुंबई के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने आठ मैचों में 229 रन गंवाये हैं और केवल पांच विकेट ही झटक सके हैं. अन्य तेज गेंदबाज भी इस सत्र में जूझ रहे हैं. बायें हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट (पांच मैचों में 190 रन गंवाकर छह विकेट) और डेनियल सैम्स (पांच मैचों में 209 गंवाकर छह विकेट) भी सामान्य प्रदर्शन कर पाये हैं.

तेज गेंदबाज टाइमल मिल्स (पांच मैचों में 190 रन लुटाकर छह विकेट) और बासिल थम्पी (पांच मैचों में 152 रन गंवाकर पांच विकेट) भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाये हैं. रिले मेरेडिथ को दो मैचों में इस्तेमाल किया गया लेकिन उन्होंने 65 रन लुटा दिये और केवल तीन विकेट झटके.

मुंबई रणजी ट्राफी टीम के नियमित खिलाड़ी कुलकर्णी को आईपीएल में खेलने का भी अनुभव है. 2008 में आईपीएल में पदार्पण करने के बाद वह 90 मैच खेले थे जिसमें उन्होंने 86 विकेट झटके. कुलकर्णी ज्यादातर राजस्थान रॉयल्स के लिये खेले हैं. वह मुंबई इंडियंस और गुजरात लायंस के लिये भी कुछ मैच खेल चुके हैं. मुंबई इंडियंस की टीम लगातार आठ मैच गंवाकर पहले ही प्ले-आॅफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu