मेंढर/जम्मू. जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में मंगलवार शाम सेना का एक वाहन सड़क से फिसलकर 300 फुट गहरी खाई में गिर गया, जिससे पांच सैनिकों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना के कारण का पता लगाया जा रहा है, लेकिन ”ऐसा प्रतीत होता है कि चालक ने सड़क के मोड़ पर वाहन पर से नियंत्रण खो दिया.” यह दुर्घटना घरोआ इलाके में उस समय हुई जब छह वाहनों का काफिला जिले के बनोई की ओर जा रहा था.
अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल ने 300-350 फुट गहरी खाई से पांच शव बरामद किए हैं. उन्होंने बताया कि घायल सैनिकों को पुंछ के फील्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत गंभीर है. रक्षा प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ”छह वाहनों के काफिले में शामिल एक वाहन पुंछ के निकट परिचालन ट्रैक पर चलते समय सड़क से फिसलकर नाले में जा गिरा.” उन्होंने बताया कि घटना में पांच सैनिक मारे गए तथा इतने ही जवान घायल हो गए.
इस बीच, सेना ने इस घटना में आतंकवाद के पहलू को खारिज कर दिया है. अधिकारी ने कहा, ”जमीनी स्रोतों से पुष्टि के बाद आतंकवादी घटना की आशंका को पूरी तरह से खारिज कर दिया गया है. हमारी चौकी घटनास्थल से लगभग 130 मीटर दूरी पर है और बैकअप वाहन मुश्किल से 40 मीटर की दूरी पर मौजूद था.” सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एम वी सुचिन्द्र कुमार और ध्रुव कमान के अधिकारियों ने पांच बहादुर सैन्यर्किमयों की दुखद मृत्यु पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है. ‘व्हाइट नाइट कोर’ ने भी पांच बहादुर सैनिकों की मृत्यु पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर कहा, ”बचाव अभियान जारी है, तथा घायल र्किमयों का इलाज किया जा रहा है.”