गौरव गोगोई ने असम की महिला की मौत मामले की त्वरित जांच के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 14 Jun 2025 02:44 PM
गौरव गोगोई ने असम की महिला की मौत मामले की त्वरित जांच के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी: असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर ंिसह धामी को पत्र लिखकर असम की एक महिला की मौत मामले की त्वरित जांच कराने का आग्रह किया है। महिला का शव ऋषिकेश में गंगा नदी के किनारे मिला था।

महिला रोस्मिता होजाई असम के दीमा हसाओ जिले की निवासी थी। वह रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की परीक्षा देने दिल्ली गई थी और बाद में दो अन्य व्यक्तियों के साथ ऋषिकेश चली गई थी। वह छह जून को ऋषिकेश से लापता हो गई थी और पांच दिन बाद उसका शव गंगा नदी से बरामद किया गया था।

गोगोई ने पत्र में कहा, ‘‘महिला की गुमशुदगी की परिस्थितियां और फिर मौत बेहद परेशान कर देने वाली है, उसके परिवार, मित्रों और समुदाय में आक्रोश है।’’ उन्होंने धामी से मामले की त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया ताकि सभी पहलुओं की जांच हो सके और यदि किसी की आपराधिक संलिप्तता पाई जाए तो उसे कानून के अनुसार सजा दिलाई जा सके।

गोगोई ने कहा कि सभी व्यक्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है, विशेषकर उन लोगों की जो शैक्षणिक और व्यावसायिक अवसरों के लिए अन्य राज्यों से यात्रा करते हैं। उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि वह व्यक्तिगत रूप से इस मामले में हस्तक्षेप कर संबंधित अधिकारियों को जांच प्रक्रिया तेज़ करने का निर्देश दें, जिससे रोस्मिता होजाई और उसके शोकाकुल परिवार को न्याय मिल सके।

इससे पहले, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने भी धामी को पत्र लिखकर मामले की समग्र और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी की आपराधिक भूमिका पाई जाती है तो संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि महिला को न्याय मिल सके। भाषा राखी नेत्रपाल जोहेब शोभना शोभना
1406 1419 गुवाहाटी

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital