
नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। एक ओर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की, वहीं दूसरी ओर जंतर-मंतर पर धरना दे रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शनकारियों के संसद मार्च से पहले हंगामा हुआ। दिल्ली में छात्रों की आवाज उठा रहे समाजवादी पार्टी के कई सांसदों को गिरफ्तार भी किया गया है। आज दिनभर क्या-क्या घटनाक्रम हुए, पढ़िए-
सीजेपी के संसद मार्च के बीच धर्मेंद्र प्रधान ने अमित शाह से की मुलाकात
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जा रही है। इसी दौरान सीजेपी के आह्वान पर हजारों लोगों ने संसद की ओर मार्च करने की कोशिश की।
संसद का मानसून सत्र पहले दिन पांच बार स्थगित
सबसे पहले संसद के मानसून सत्र के बारे में जानते हैं कि आज क्या-क्या हुआ है। आज मानसून सत्र का पहला दिन था। विपक्ष के जोरदार हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों की कार्यवाही पांच बार स्थगित कर दी गई। विपक्षी सांसद अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी और नीट पेपर लीक मामले पर चर्चा की मांग को लेकर अड़ा रहा। विपक्ष के जोरदार हंगामे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही कई बार बाधित हुई।
सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले दागे गए
शिक्षा प्रणाली में सुधार और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों के प्रस्तावित संसद मार्च से पहले हंगामा हुआ। जंतर-मंतर के चारों तरफ बैरिकेडिंग की गई थी। संसद मार्च के दौरान पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने तक पहुंचे प्रदर्शनकारियों को लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया गया। इसके चलते दिल्ली में संसद परिसर के अंदर सुरक्षा बढ़ा दी गई। सुरक्षाकर्मी हाई अलर्ट पर हैं।
वहीं, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के कहने पर अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल खत्म कर दी। सोनम वांगचुक अभी सफदरजंग अस्पताल में भर्ती हैं। दीपके ने यह उपवास तब शुरू किया था, जब 18 जुलाई को वांगचुक को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। उनकी 21 दिन की भूख हड़ताल के कारण उन्हें चिकित्सा सहायता की जरूरत थी।
गिरफ्तार किए गए समाजवादी पार्टी के सांसद?
उधर, समाजवादी पार्टी ने दावा किया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों की आवाज उठा रहे उनके कई सांसदों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव भी शामिल हैं। सपा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से एक पोस्ट में लिखा, दिल्ली में छात्रों की आवाज उठा रहीं लोकसभा सांसद डिंपल यादव व अन्य सपा सांसदों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिया जाना, साथ ही छात्रों पर लाठीचार्ज किया जाना बेहद निंदनीय एवं अलोकतांत्रिक है।



