राहुल के खिलाफ हिंसा और नफरत भड़का रही सरकार: कांग्रेस

कांग्रेस ने राहुल को 'धमकी' के मामले में शिकायत दर्ज कराई, कार्रवाई की मांग की

नयी दिल्ली/शिमला/जयपुर. कांग्रेस ने राहुल गांधी के विरूद्ध विवादित बयानों का हवाला देते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ नफरत और हिंसा भड़का रही है तथा यह उनके जीवन को खतरे में डालने की साजिश है. पार्टी प्रवक्ता और वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक सिंघवी ने यहां सवाददाताओं से बातचीत में यह बात कही. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ हिंसक और नफरत वाले बयान देने वाले नेताओं को कानूनी रूप से जवाब दिया जाएगा. सिंघवी ने कहा कि बेहतर होता कि सरकार इस मामले में खुद कदम उठाती.

सिंघवी ने कहा, ”भाजपा नेताओं की राहुल गांधी जी पर की गई टिप्पणी, राहुल गांधी जी के जीवन को खतरे में डालने की एक सोची समझी साजिश है. ये हिंसा और जंगलराज वाली राजनीति है, जिसकी परिभाषा में सिर्फ भय और घृणा है.” उन्होंने कहा, ”सच्चाई ये है कि भाजपा में ऐसे हिंसक वक्तव्य ही आगे बढ़ने का जरिया हैं. लेकिन, हम हर कानूनी तरीके का प्रयोग करेंगे और ऐसे लोगों को सजा दिलवाएंगे.”

सिंघवी का कहना था, ”लोकतंत्र लोकतांत्रिक प्रतिक्रिया की मांग करता है. यह देर से आ सकता है, लेकिन यह आएगा. यह साबित करता है कि राहुल गांधी जी के खिलाफ भाजपा की धमकियां उन्हें और मजबूत बनाएंगी.” कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि यह सरकार विपक्ष के नेता के खिलाफ नफरत और हिंसा भड़का रही है, जो न केवल सत्तारूढ़ दल के लिए बल्कि भारतीय लोकतंत्र के लिए भी एक त्रासदी है. उन्होंने कहा, ”देरी के बावजूद, उन लोगों के लिए फैसले का दिन नजदीक है, जो अपने संवैधानिक पदों के लायक नहीं हैं.”

कांग्रेस ने राहुल को ‘धमकी’ के मामले में शिकायत दर्ज कराई, कार्रवाई की मांग की

कांग्रेस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ विवादित बयान और ‘जान से मारने की धमकी देने” के लिए बुधवार को यहां केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिवसेना के चार नेताओं के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तथा देश में कई जगहों पर विरोध-प्रदर्शन किया.

मुख्य विपक्षी दल ने आरोप लगाया कि राहुल के जीवन को खतरे में डालने के मकसद से नफरत और हिंसा फैलाई जा रही है तथा इस सुनियोजित अभियान को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की शह मिल रही है. पार्टी के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने यहां तुगलक रोड थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. कांग्रेस ने बिट्टू, भाजपा नेता तरविंदर मारवाह, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रघुराज सिंह और शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351, 352, 353, 61 के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है.

शिकायत दर्ज कराने के बाद माकन ने संवाददाताओं से कहा कि राहुल को जान से मारने की धमकी दी जा रही है, क्योंकि वह दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और गरीबों के हित में और संविधान को बचाने की बात करते हैं. माकन ने यह भी कहा कि राहुल और कांग्रेस इस तरह की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं. कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि राहुल के खिलाफ हिंसा की साजिश रची गई है. उन्होंने कहा कि यदि भाजपा अपने लोगों को नियंत्रित नहीं करती है तो कांग्रेस के लोग भी उसके मंत्रियों और सांसदों के घरों तक पहुंचकर विरोध दर्ज कराएंगे.

राहुल के खिलाफ सुनियोजित अभियान को शह दे रहे हैं प्रधानमंत्री, गृह मंत्री: प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दिए गए विवादित बयानों को लेकर बुधवार को आरोप लगाया कि यह एक सुनियोजित अभियान है जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह की शह मिल रही है और कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है.
प्रियंका गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, “नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी जैसे-जैसे मजबूती से जनता की आवाज उठा रहे हैं, वैसे-वैसे उनके खिलाफ जुबानी और वैचारिक हिंसा बढ़ रही है. ” उन्होंने सवाल किया, “क्या देश के करोड़ों दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और गरीबों की आवाज उठाना इतना बड़ा अपराध है कि भाजपा, नेता प्रतिपक्ष को “उनकी दादी जैसा हाल” बना देने की धमकियां देने लगी? ” प्रियंका ने कहा, “लगातार एक के बाद एक हिंसक, अभद्र और अमानवीय बयानों से यह साबित होता है कि यह एक संगठित-सुनियोजित अभियान है जो देश के लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है. उससे भी ज्यादा खतरनाक है प्रधानमंत्री, गृहमंत्री समेत समूचे आरएसएस नेतृत्व का इसे शह देना और कोई कार्रवाई न करना. ” उन्होंने सवाल किया की आरएसएस-भाजपा के लोग क्या अब हिंसा और नफरत को ही लोकतंत्र का मूलमंत्र बनाना चाहते हैं?

भाजपा नेता सुर्खियां बंटोरने के लिए राहुल गांधी को निशाना बना रहे : सुक्खू

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुर्खियां बंटोरने के लिए राहुल गांधी को निशाना बना रहे हैं और उनके खिलाफ टिप्पणियां कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और हिमाचल प्रदेश इस तरह की टिप्पणियों की निंदा करता है.
सुक्खू ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ”कांग्रेस भाजपा की जनविरोधी नीतियों का विरोध कर रही है और देश को एकजुट करने के लिए ‘भारत जोड़ो’ यात्रा शुरू करने वाले राहुल गांधी जनता की आवाज हैं. इसलिए भाजपा अपने नेताओं का इस्तेमाल लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ बयानबाजी के लिए कर रही है.’ सुक्खू ने रेल राज्यमंत्री रवनीत बिट्टू की टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह (बिट्टू) कांग्रेस में थे, तब राहुल के प्रबल समर्थक हुआ करते थे. बिट्टू ने राहुल को ‘देश का नंबर एक आतंकवादी’ बताया था. सुक्खू ने कहा कि बिट्टू जब कांग्रेस में थे, तब वह राहुल की खूब तारीफ किया करते थे. उन्होंने बिट्टू की टिप्पणी को सुर्खियां बंटोरने का प्रयास करार दिया.

राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो : रंधावा

कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पार्टी नेता राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने वाले भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि ऐसे नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए. उन्होंने कहा, ”जैसी बातें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता कर रहे हैं, उससे पता चलता है कि ऊपर से लेकर नीचे तक भाजपा में बौखलाहट है.” रंधावा ने कहा कि पार्टी राजस्थान में आगामी सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव जीतेगी. रंधावा ने बुधवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए. जैसी बातें भाजपा और उसके नेता कर रहे हैंङ्घ. ऊपर से लेकर नीचे तक भाजपा में बौखलाहट है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button