गायकवाड़ और दुबे का अर्धशतक, सुपरकिंग्स के चार विकेट पर 206 रन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Apr 2024 10:30 PM
गायकवाड़ और दुबे का अर्धशतक, सुपरकिंग्स के चार विकेट पर 206 रन
ऑडियो सुनें

मुंबई. कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और शिवम दुबे के अर्धशतक से चेन्नई सुपरकिंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को यहां मुंबई इंडियन्स के खिलाफ चार विकेट पर 206 रन बनाए. गायकवाड़ ने 40 गेंद में पांच छक्कों और पांच चौकों से 69 रन की पारी खेलने के अलावा दुबे (38 गेंद में नाबाद 66, दो छक्के, 10 चौके) के साथ तीसरे विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी भी की. महेंद्र सिंह धोनी ने अंत में चार गेंद में तीन छक्कों से नाबाद 20 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 200 रन पार पहुंचाया.

मुंबई की ओर से कप्तान हार्दिक पंड्या दो विकेट चटकाकर सबसे सफल गेंदबाज रहे लेकिन उन्होंने तीन ओवर में 43 रन लुटाए.
पंड्या ने टॉस जीतकर सुपरकिंग्स को बल्लेबाजी का न्योता दिया. उन्होंने एक बार फिर भारत के शीर्ष तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह से गेंदबाजी की शुरुआत नहीं कराई. गेराल्ड कोएट्जी (35 रन पर एक विकेट) ने दूसरे ओवर में ही अजिंक्य रहाणे (05) को मिड ऑन पर पंड्या के हाथों कैच करा दिया.

गायकवाड़ ने आते ही स्पिनर मोहम्मद नबी पर छक्का जड़ा और फिर कोएट्जी पर दो चौके और एक छक्का मारा. सलामी बल्लेबाज रचिन रविंद्र ने भी सतर्क शुरुआत करने के बाद आकाश मधवाल और बुमराह पर चौके मारे. सुपरकिंग्स ने पावर प्ले में एक विकेट पर 48 रन बनाए.

रविंद्र ने श्रेयस गोपाल (नौ रन पर एक विकेट) पर छक्का जड़ा लेकिन इस स्पिनर की अगली गेंद पर विकेटकीपर इशान किशन को कैच दे बैठे. मैदानी अंपायर ने उन्हें नॉटआउट दिया था लेकिन डीआरएस लेने पर फैसला मुंबई के पक्ष में गया. दुबे ने पंड्या का स्वागत तीन चौकों के साथ किया और फिर रोमारियो शेफर्ड पर भी दो चौक जड़े. रोहित शर्मा ने मधवाल की गेंद पर गायकवाड़ का कैच टपकाया और उन्होंने इस तेज गेंदबाज पर छक्के के साथ 12वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया. गायवाड़ ने अगले ओवर में कोएट्जी पर छक्के के साथ 33 गेंद में अर्धशतक पूरा किया.

दुबे ने शेफर्ड की लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौके से ओवर में 22 रन बटोरे. गायवाड़ ने मधवाल की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा लेकिन पंड्या की गेंद को हवा में लहराकर लॉन्ग ऑन पर नबी को कैच दे बैठे. दुबे ने इस बीच पंड्या की गेंद पर एक रन के साथ 28 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और 16वें ओवर में टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया. पारी के अंतिम ओवर में डेरिल मिचेल (17) ने पंड्या की गेंद पर नबी को कैच थमाया जिसके बाद धोनी ने लगातार तीन छक्के के साथ टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया. अंतिम ओवर में 26 रन बने.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu