हार्दिक पंड्या ‘आल-कैश ट्रेड’ सौदे में मुंबई इंडियंस में वापसी को तैयार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 26 Nov 2023 10:39 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय आलराउंडर हार्दिक पंड्या अगले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सत्र के लिए मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी में वापसी के लिए तैयार हैं क्योंकि ‘आल कैश ट्रेड’ (पूर्ण रूप से नकद) सौदा पूरा होने के करीब है. पड्ंया का नाम हालांकि रविवार को उनकी मौजूदा फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटन्स द्वारा घोषित रिटेन खिलाड़ियों की सूची में शामिल था. रविवार को खिलाड़ियों की ‘रिलीज’ (निकालना) और ‘रिटेन’ (बरकरार रखना) करने का आखिरी दिन था.

लेकिन ‘ट्रेडिंग विंडो’ (खिलाड़ियों की अदला बदली का समय) 12 दिसंबर तक खुली रहेगी जबकि ‘मिनी नीलामी’ 19 दिसंबर को दुबई में होगी. पंड्या ने अपने आईपीएल करियर की शुरूआत 2015 में मुंबई इंडियंस के साथ की थी और 2021 तक टीम में रहे थे. इस दौरान मुंबई इंडियंस ने चार खिताब जीते थे.

गुजरात टाइटन्स को 2022 में शामिल किया गया और अहमदाबाद की इस फ्रेंचाइजी ने उन्हें चुना और टीम का कप्तान भी बनाया.
पंड्या ने पहले ही सत्र में गुजरात टाइटन्स को खिताब दिला दिया और उनकी अगुआई में टीम आईपीएल 2023 के फाइनल में भी पहुंची थी जिसमें उसे चेन्नई सुपरकिंग्स से हार का सामना करना पड़ा था. ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि पंड्या आईपीएल 2024 से पहले टाइटन्स के साथ अपने दो साल के जुड़ाव को खत्म करके मुंबई इंडियंस में फिर से शामिल हो सकते हैं.

मुंबई की टीम ने आईपीएल 2024 के लिए रोहित शर्मा को अपना कप्तान बनाया है लेकिन इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को ‘रिलीज’ कर दिया गया है. आर्चर अब भी कोहनी की सर्जरी से उबर रहे हैं. इस कदम से पंड्या आईपीएल में ‘ट्रेड’ किये गये कुछ कप्तानों में से एक बन जायेंगे. इससे वह रविचंद्रन अश्विन और अजिंक्य रहाणे के साथ शामिल हो जायेंगे जिन्हें 2020 में ‘ट्रेड’ किया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu