हॉकी एशिया कप: भारत ने जापान को 3-2 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 31 Aug 2025 07:50 PM
हॉकी एशिया कप: भारत ने जापान को 3-2 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की
ऑडियो सुनें

राजगीर. कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल की मदद से भारत ने रविवार को यहां पुरुष एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के पूल ए के कड़े मुकाबले में जापान को 3-2 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और सुपर चार चरण के लिए क्वालीफाई किया. चीन के खिलाफ पहले मैच में हैट्रिक बनाने वाले हरमनप्रीत ने पांचवें और 46वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर दो गोल दागे जबकि भारत के लिए एक अन्य गोल मनदीप सिंह ने चौथे मिनट में किया. जापान की ओर से दोनों गोल कोसेई कावाबे ने 38वें और 59वें मिनट में किए.

भारत ने शुक्रवार को टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत चीन पर 4-3 की जीत के साथ की थी. दो मैच में दो जीत के बाद भारत छह अंक के साथ पूल ए में शीर्ष पर है. जापान और चीन ने एक-एक जीत दर्ज की है. मेजबान टीम अपना अंतिम पूल मैच सोमवार को कजाखस्तान के खिलाफ खेलेगी जबकि जापान और चीन के बीच होने वाले मुकाबले से पूल ए से सुपर चार में जगह बनाने वाली दूसरी टीम का फैसला होगा.

भारत ने पिछले मैच की तुलना में काफी बेहतर प्रदर्शन किया. टीम में बेहतर समन्वय दिखा और उसे तेज हॉकी खेली जिसके कारण प्रतिद्वंद्वी सर्कल के अंदर लगातार हमले हुए. भारत को पहला मौका दूसरे मिनट में ही मिल गया जब हरमनप्रीत ने मनप्रीत को गेंद दी लेकिन सर्कल के ठीक अंदर से लिया गया उनका शॉट गोल से कुछ इंच दूर से बाहर निकल गया. भारत को बढ़त लेने में अधिक समय नहीं लगा और कुछ ही मिनट बाद मनदीप के शानदार मैदानी गोल से मेजबान टीम को बढ़त दिला दी.

भारत को पांचवें मिनट में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले और हरमनप्रीत ने दूसरे प्रयास में गोल करके भारत की बढ़त दोगुनी कर दी.
पहला क्वार्टर खत्म होने से दो मिनट पहले जापान को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन दोनों ही मौकों पर अपना 150वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे भारतीय गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक ने बेहतरीन बचाव किया.

दूसरे क्वार्टर में जापान को लगातार चार पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन भारतीय टीम ने सभी हमलों को नाकाम कर दिया. मध्यांतर से तीन मिनट पहले भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन टीम ने मौका गंवा दिया. मध्यांतर के बाद खेल शुरू होने के कुछ मिनट बाद सुखजीत ने मनदीप को सर्कल के अंदर पास दिया लेकिन उनके शॉट को जापान के गोलकीपर ने रोक दिया.

जापान ने 38वें मिनट में काइतो तनाका के पास पर कावाबे के गोल से भारत की बढ़त को कम किया लेकिन मेजबान टीम ने पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत के एक और गोल से फिर दो गोल की बढ़त हासिल कर ली. जापान को 49वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन सूरज करकेरा ने दो शानदार बचाव किए. मैच खत्म होने से दो मिनट पहले कावाबे ने जरमनप्रीत की कमजोरी का फायदा उठाकर गोल किया लेकिन जापान को हार से नहीं बचा पाए. पूल ए के दूसरे मैच में चीन ने कजाखस्तान को 13-1 से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की और सुपर चार में जगह बनाने का दावा बरकरार रखा.

कजाखस्तान को मैच शुरू होने के 12 सेकेंड के अंदर ही पेनल्टी मिली और अगिमटे डुइसेंगजी ने सटीक फ्लिक से गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिला दी. हालांकि इसके बाद चीन ने दबदबा बनाया. चीन के लिए डू शिहाओ (10वें, 53वें), किजुन चेन (13वें), चांगलियांग लिन (15वें, 39वें), बेनहाई चेन (29वें, 56वें), युआनलिन लू (31वें), जिशेंग गाओ (33वें) शियाओलोंग गुओ (41वें, 58वें) और युआनलिन लू (42वें, 44वें) ने गोल दागे. इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता का विजेता अगले साल बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में होने वाले विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई करेगा.

पहला लक्ष्य हासिल किया लेकिन हमें और बेहतर करना होगा: हॉकी कोच फुल्टन
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन एशिया कप के सुपर चार के लिए क्वालीफाई करने के अपने पहले लक्ष्य को हासिल करके खुश हैं, लेकिन उन्हें टूर्नामेंट में टीम से और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है. हरमनप्रीत सिंह के दो गोलों की मदद से भारत ने जापान को 3-2 से हराकर पूल ए में लगातार दूसरी जीत दर्ज की और एक मैच शेष रहते सुपर चार के लिए क्वालीफाई कर लिया.
अपने पहले मैच में चीन को 4-3 से हराने वाला भारत सोमवार को अंतिम पूल मैच में कजाकिस्तान से भिड़ेगा.

फुल्टन ने मैच के बाद कहा, ”हमने अपने पहले लक्ष्य को हासिल कर लिया है. हमें हालांकि और बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है. जब सही तालमेल बैठेगा तब हम ऐसा करने में सफल रहेंगे.” उन्होंने कहा, ”पहला हाफ वाकई बहुत अच्छा था. हमारे आंकड़े शानदार है लेकिन हमने जिस तरह से मैच को शुरू किया था वैसे इसे खत्म नहीं कर पाये. हमने आखिरी पलों में कुछ गलतियां की और यह हमारे लिए निराशाजनक था.

भारतीय कोच ने कहा, ” हम 3-1 से आगे थे और फिर एक गोल खा गये. हमने कुछ गलतियां की और हमें कार्ड मिला लेकिन यह खेल का हिस्सा है. कप्तान हरमनप्रीत को मैच खत्म होने से सिर्फ एक मिनट पहले पीला कार्ड (पांच मिनट के लिए मैदान से बाहर रहने का दंड) दिखाया गया और उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा. उस समय भारतीय टीम 3-2 से आगे थी.

उन्होंने कहा, ” हमने शुरुआती दो क्वार्टर में दबदबा कायम किया लेकिन तीसरे क्वार्टर में जापान ने पलटवार किया क्योंकि वे बड़े अंतर से पिछड़ रहे थे. मुझे लगा चौथे क्वार्टर में हम अपनी बढ़त और और बढ़ाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हो सका. ” शुरुआती दोनों मैच दोपहर में होने के कारण खिलाड़ियों को गर्मी और काफी अधिक उमस भरी परिस्थितियों में खेलना पड़ा लेकिन भारतीय टीम अब अपने बाकी मैचों को शाम 07:30 बजे खेलेगी. फुल्टन ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए यह अच्छा रहेगा क्योंकि इतनी गर्मी और उमस में खेलने से चोटिल होने का जोखिम रहता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu