भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली में मारी टक्कर, 10 मजदूरों की मौत…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 04 Oct 2024 11:06 AM
भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली में मारी टक्कर, 10 मजदूरों की मौत…
ऑडियो सुनें

उत्तर प्रदेश: मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां कछवां थाना क्षेत्र के कटका गांव के पास वाराणसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर ट्रॉली के परखच्चे उड़ गए और ट्रैक्टर नाले में पलट गया. हादसे में ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार 10 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है.

भदोही से मजदूर छत की ढलाई कर ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर वाराणसी के रामसिंहपुर मिर्जामुराद अपने घर जा रहे थे, इसी दौरान ये हादसा हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया है. मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.

सभी मजदूर वाराणसी के रहने वाले

हादसे में जान गंवाने वाले सभी मजदूर वाराणसी के रहने वाले हैं. मृतकों में भानू प्रताप, विकास कुमार, अनिल कुमार, सूरज कुमार, सनोहर, राकेश कुमार , प्रेम कुमार, राहुल कुमार , नितिन कुमार और रोशन कुमार का नाम शामिल हैं. वहीं, घायलों में आकाश कुमार, जमुनी और अजय सरोज शामिल हैं. ये सभी बीरबलपुर मिर्जामुराद और रामसिंहपुर मिर्जामुदार गांव के रहने वाले थे. ये हादसा गुरुवार रात एक बजे के करीब हुआ है.

क्या बोले अधिकारी?

पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी. इस हादसे में 10 मजदूरों की मौत हो गई. तीन घायल हैं, जिनको वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजा गया है. भदोही से मजदूर काम कर वाराणसी जा रहे थे. ट्रकचालक मौके से फरार हो गया है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

मंगाई गई जेसीबी

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल रहा. मौके पर भीड़ जमा हो गई. हादसे में ट्रैक्टर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था. वहीं, ट्रक के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा है. पुलिस ने सड़क से वाहनों को हटाने के लिए जेसीबी मंगाई है. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों के परिजन को सूचना भेज दी गई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav