मैंने फिल्म ‘एलएसडी’ देखी थी और राजकुमार राव शुरुआत में ‘डरावने’ लगे थे: पत्रलेखा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Sep 2024 09:00 PM
मैंने फिल्म ‘एलएसडी’ देखी थी और राजकुमार राव शुरुआत में ‘डरावने’ लगे थे: पत्रलेखा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेत्री पत्रलेखा का कहना है कि वह शुरुआत में राजकुमार राव के साथ एक संगीत वीडियो की शूटिंग करने में झिझक रही थीं, क्योंकि दिबाकर बनर्जी की फिल्म ‘लव सेक्स और धोखा’ (एलएसडी)में उनका अभिनय देखने के बाद वह ‘डरावने’ लगे थे.
नवंबर 2021 में अभिनेता राव के साथ विवाह करने से पहले पत्रलेखा ने 10 साल से अधिक समय तक उनके साथ ‘डेट’ किया.
अभिनेत्री पत्रलेखा की अनुभव सिन्हा की सीरीज ”आईसी 814: द कंधार हाईजैक” में उनके अभिनय के लिए प्रशंसा की जा रही है. उन्होंने ”ूमन ऑफ बॉम्बे’ के साथ एक साक्षात्कार के दौरान राव के साथ अपनी पहली मुलाकात के बारे में बताया.

उन्होंने कहा, ”मैंने उनकी पहली फिल्म ‘एलएसडी’ देखी ही थी. दो-तीन दिन बाद, मेरी एक स्कूली दोस्त, जो एफटीआईआई में पढ़ रही थी, ने मुझे फोन किया और कहा, ‘क्या तुम मेरे लिए यह वीडियो बना सकती हो. यह एक म्यूजिक वीडियो है और मैं राजकुमार नामक एक अन्य अभिनेता को बुला रही हूं. उसने अभी एलएसडी में काम किया था’.” पत्रलेखा ने 2010 में आयी दिबाकर बनर्जी निर्देशित फिल्म में राजकुमार द्वारा अदा की गई खौफनाक प्रेमी की भूमिका को याद करते हुए कहा, ”मैंने कहा, ‘रुकसाना, नहीं, मैं नहीं आ रही हूं क्योंकि मुझे लगता है कि वह बहुत डरावना है और मैं डर गई थी.” पत्रलेखा ने कहा कि उनकी दोस्त ने उन्हें आश्वासन दिया कि उन्हें कुछ नहीं होगा. उसने सुझाव दिया कि वह शूटिंग पर अपनी बहन परना को भी साथ ला सकती हैं.

पत्रलेखा ने कहा, ”मैंने कहा, ‘ठीक है, देखते हैं.’ मैंने अपनी बहन को अपने और राज के बीच बैठाया और वे गपशप करने लगे. मुझे अजीब लग रहा था क्योंकि वह उस फिल्म का डरावना लड़का था. इसलिए, मैंने अपनी बहन को चिकोटी काटी और कहा कि उससे बात मत करो.” उन्होंने कहा, ”और आखिरकार, यह थोड़ा अजीब था क्योंकि मुंबई से पुणे तक की यात्रा भी लंबी थी.” पत्रलेखा के अनुसार जब राव ने उनके काम के बारे में पूछा, तो उन्होंने टाटा डोकोमो के लिए किए गए विज्ञापन और अन्य विज्ञापनों के बारे में बताया.
उन्होंने कहा, ”और जैसे ही मैंने यह कहा, मैंने देखा कि कुछ बदलाव हुआ है. और जैसे कहानी आगे बढ़ी, उसने वह विज्ञापन देखा और उसका रुख वैसा था, जैसे, ‘मैं इस लड़की से शादी करना चाहता हूं.” पत्रलेखा ने कहा कि संगीत वीडियो के लिए उन्होंने राव के साथ तीन दिन बिताए और उनके बारे में उनकी धारणा बदल गई.

पत्रलेखा ने कहा, ”वह एक अलग इंसान थे, कोई ऐसा व्यक्ति जो अपनी कला से बहुत प्यार करता है और अपने काम के प्रति इतना भावुक है. यह बहुत दुर्लभ था, और मैं उनके प्यार में पड़ने से खुद को नहीं रोक पाई.” उन्होंने कहा, ”मैंने सोचा, ‘हे भगवान, यह आदमी अपने काम के प्रति कितना जुनूनी है और उसमें बहुत ईमानदारी और गहराई है.’ उस समय, जब मैं ऑडिशन के दौर से गुजर रही थी, तो हर कोई या तो अमीर बनने के लिए या मशहूर होने के लिए, या बहुत सारी कार पाने के लिए ऐसा कर रहा था. लेकिन वह ऐसा व्यक्ति था जो अपनी कला के प्यार के लिए ऐसा कर रहा था.” संगीत वीडियो के बाद, पत्रलेखा और राव ने हंसल मेहता की 2014 की फिल्म “सिटीलाइट्स” और वेब सीरीज ”बोस: डेड/अलाइव” में एकसाथ काम किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu