बॉलीवुड फिल्म निर्माता मुझे भूमिकाओं का प्रस्ताव देंगे तो मैं अवश्य करुंगा: अभिनेता मोहनलाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 12 Dec 2024 09:05 PM
बॉलीवुड फिल्म निर्माता मुझे भूमिकाओं का प्रस्ताव देंगे तो मैं अवश्य करुंगा: अभिनेता मोहनलाल
ऑडियो सुनें

मुंबई. मलयालम अभिनेता मोहनलाल ने कहा है कि अगर बॉलीवुड के फिल्म निर्माता उन्हें भूमिकाओं का प्रस्ताव देंगे तो वह निश्चित तौर पर यहां आएंगे और हिंदी फिल्मों में काम करेंगे. मलयालम सिनेमा के सबसे प्रभावशाली सितारों में से एक मोहनलाल 300 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके हैं. इनमें “किरीदम”, “भारतम”, “दृश्यम” और “पुलीमुरुगन” जैसी बेहद लोकप्रिय रही फिल्में शामिल हैं.

मोहनलाल ने यहां “बारोज” के हिंदी ‘ट्रेलर’ जारी किये जाने के मौके पर संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ” मैंने कुछ हिंदी फिल्म की हैं. लेकिन अब मेरी अधिकांश अन्य फिल्में हिंदी में डब की जाती हैं. जब कोई मुझे किसी भूमिका के लिए बुलाएगा तो मैं निश्चित तौर पर आउंगा और काम करुंगा. मुझे कोई आपत्ति नहीं है.मेरे पास कोई विकल्प नहीं है. एक अभिनेता के तौर पर हमारे पास विकल्प होता भी नहीं है. (प्रस्ताव) आने दीजिए.” मोहनलाल इससे पहले हिंदी फिल्म कंपनी और रामगोपाल वर्मा की आग में अभिनय कर चुके हैं.
“बारोज” में अभिनय के साथ-साथ 64 वर्षीय अभिनेता ने बतौर निर्देशक अपनी पारी का आगाज किया है. यह फिल्म मोहनलाल के भूत किरदार के ईद-गिर्द घूमती है, जो 400 वर्षों से अधिक समय तक वास्को डी गामा के गुप्त खजाने की रक्षा करता है. ट्रेलर जारी किये जाने के मौके पर मोहनलाल ने अभिनेता अक्षय कुमार को भी आमंत्रित किया था. हिंदी में डब की गई फिल्मों में अक्षय के साथ तुलना पर मोहनलाल ने कहा कि अभिनेताओं की तुलना नहीं की जा सकती.

मोहनलाल ने कहा, ”मेरी कई फिल्म हिंदी में बनाई गईं और अक्षय ने इनमें काम किया. आप अभिनेताओं की तुलना नहीं कर सके. यह बिल्कुल अलग है. यहां तक कि वेषभूषा, चरित्र, (संवाद) अदायगी सबकुछ अलग होता है. मुझे उनकी फिल्में पसंद हैं. मैने उनकी ज्यादातर फिल्में देखी हैं जिन्हें फिर से प्रियदर्शन ने बनाया. वह (अक्षय) अद्भुत अभिनेता हैं. वह समय के बहुत पाबंद हैं और उन्हें अपना पेशा बहुत पसंद है. वह सौ फीसदी पेशेवर अभिनेता हैं. मैं उतना पेशेवर नहीं हूं.” अक्षय ने भी खुद को मोहनलाल का प्रशंसक बताते हुए कहा कि मैने भी उनकी कई फिल्में देखी हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu