यदि सरकार देशभर में ठेके बंद कर दे तो मैं शराब पर गाने गाना बंद कर दूंगा: दिलजीत दोसांझ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Nov 2024 07:26 PM
यदि सरकार देशभर में ठेके बंद कर दे तो मैं शराब पर गाने गाना बंद कर दूंगा: दिलजीत दोसांझ
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. मशहूर पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने कहा है कि यदि देश भर में सारे ठेके (शराब की दुकान) बंद कर दिये जाते हैं तो वह शराब पर आधारित गाने गाना बंद कर देंगे. गुजरात के अहमदाबाद में रविवार को अपने शो में गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने हैदराबाद के अपने संगीत कार्यक्रम से पहले उन्हें भेजे गए नोटिस का जवाब में ऐसा कहा. इस नोटिस में उन्हें शराब, नशीली दवाओं और हिंसा पर आधारित गाने नहीं गाने का निर्देश दिया गया था.

दिलजीत ने अपने गानों ‘लेमोनेड’ और ‘5 तारा’ में शब्दों को बदल दिया है. इन गानों में मूल रूप से उनके बोलों में ‘दारू’ (शराब) और ‘ठेका’ (शराब की दुकान) का उल्लेख है. इससे पहले शनिवार को दिलजीत दोसांझ को उनके ‘दिल-लुमिनाती इंडिया टूर 2024 टूर’ के हैदराबाद संगीत कार्यक्रम से पूर्व तेलंगाना सरकार से नोटिस मिला था.

नोटिस पर कटाक्ष करते हुए गायक ने रविवार को अपने शो में अहमदाबाद के दर्शकों से कहा,”कुछ अच्छी खबर है. मुझे आज कोई नोटिस नहीं मिला. इससे भी अच्छी खबर यह है कि मैं आज शराब पर एक भी गाना नहीं गाऊंगा. मुझसे पूछिए क्यों? क्योंकि गुजरात एक शराबबंदी वाला राज्य है.” गायक ने कहा कि वह कभी शराब नहीं पीते हैं और यहां तक कि वह ऐसे गीत नहीं बनाने की शपथ भी लेने को तैयार हैं, लेकिन हर राज्य सरकार को स्वयं को शराबमुक्त राज्य घोषित कर देना चाहिए.

उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पेज पर साझा किये गये वीडियो में कहा, ”चलिए कुछ करते हैं, चलिए एक आंदोलन शुरू करते हैं. अगर सभी राज्य खुद को शराबमुक्त राज्य घोषित कर देते हैं, तो मैं अगले ही दिन से शराब पर गाना गाना बंद कर दूंगा…, आप देश में ‘ठेके’ बंद कर दीजिए… मैं प्रतिज्ञा लेता हूं .” उन्होंने कहा, ”क्या यह संभव है? यह राजस्व का एक बड़ा स्रोत है. कोरोना (महामारी) में सिवाय ठेकों के सब कुछ बंद था. आप युवाओं को बेवकूफ नहीं बना सकते.” दिलजीत दोसांझ (40) ने अपने विरोधियों को चेतावनी दी, ”मुझसे पंगा मत लीजिए.” उन्होंने कहा, ” मैं अपने गाने गाता हूं और चला जाता हूं. आप मुझसे पंगा क्यों ले रहे हैं? मैंने दर्जनों भक्ति गीत गाए हैं. पिछले 10 दिनों में मैंने दो भक्ति गीत रिलीज किए हैं, लेकिन कोई भी उनके बारे में बात नहीं कर रहा है. टीवी चैनलों पर हर कोई बैठकर ‘पटियाला पैग’ (उनके गीतों में से एक) के बारे में बात कर रहा है.”

उन्होंने कहा, ” बॉलीवुड में शराब पर दर्जनों गाने हैं. मेरे पास ऐसे दो-चार गाने ही हैं. मैं आज उन्हें नहीं गाऊंगा. मेरे लिए गानों में बदलाव करना बहुत आसान है क्योंकि मैं शराब नहीं पीता. बॉलीवुड के कलाकार शराब का प्रचार करते हैं, लेकिन दिलजीत दोसांझ ऐसा नहीं करता.” उन्होंने कहा, ”.. मैं कोई नया कलाकार नहीं हूं जिससे आप कहेंगे कि ‘आप यह नहीं गा सकते, आप वह नहीं गा सकते’ और मैं कहूंगा कि मैं क्या करूंगा. मैं गाने में बदलाव कर दूंगा और उसमें भी उतना ही मजा होगा. यदि गुजरात शराबबंदी वाला राज्य है तो मैं राज्य सरकार का मुरीद हूं. मैं गुजरात सरकार का खुलकर समर्थन करता हूं.”

उन्होंने कहा, ” मैं चाहता हूं कि पवित्र अमृतसर नगरी भी शराबमुक्त शहर हो. दिलजीत दोसांझ ने अहमदाबाद में अपने गानों में शराब का जिक्र करने से परहेज किया. उन्होंने हैदराबाद के कार्यक्रम के सिलसिले में गानों ‘लेमोनेड’ और ‘5 तारा’ में कुछ फेरबदल किया. अहमदाबाद में दिलजीत के कार्यक्रम में अभिनेता कार्तिक आर्यन भी पहुंचे . ‘भुलभुलैया 3’ फिल्म के अभिनेता कार्तिक ने इंस्टाग्राम पर इस कार्यक्रम की तस्वीर साझा की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu