नयी दिल्ली. ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर उनके सम्मान में रविवार को पूरे देश में एक दिन का राजकीय शोक मनाया जाएगा. महारानी का बृहस्पतिवार को निधन हो गया था. एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘ग्रेट ब्रिटेन और उत्तरी आयरलैंड के यूनाइटेड ंिकगडम की महामहिम महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का आठ सितंबर 2022 को निधन हो गया. दिवंगत महारानी के सम्मान में भारत सरकार ने 11 सितंबर को देश भर में एक दिन का राजकीय शोक मनाने का निर्णय किया है.’’
बयान में कहा गया कि राजकीय शोक वाले दिन, देश भर में उन सभी भवनों पर, जहां राष्ट्रीय ध्वज नियमित रूप से फहराया जाता है, राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और उस दिन कोई आधिकारिक मनोरंजन की गतिविधि आयोजित नहीं होगी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर शोक व्यक्त किया.
विदेश मंत्रालय के एक बयान में कहा गया, ‘‘अपने संदेशों में, उन्होंने कहा कि वह हमारे समय की दिग्गज थीं; एक दयालु व्यक्तित्व, जिन्होंने अपने राष्ट्र व लोगों को प्रेरक नेतृत्व प्रदान किया.’’ ब्रिटिश उच्चायोग ने यहां उच्चायुक्त के आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के इच्छुक लोगों के लिए शोक पुस्तिका रखी है.