जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव: दूसरे चरण में 6 जिलों की 26 सीटों पर 11 बजे तक 24% वोटिंग…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 25 Sep 2024 01:40 PM
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव: दूसरे चरण में 6 जिलों की 26 सीटों पर 11 बजे तक 24% वोटिंग…
ऑडियो सुनें

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 6 जिलों की 26 विधानसभा सीटों पर वोटिंग सुबह 7 बजे से जारी है। इसमें 25.78 लाख मतदाता अपने मत का इस्तेमाल कर रहे हैं। दूसरे चरण में जम्मू-कश्मीर के वोटर्स दिल खोलकर मतदान कर रहे हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर की 26 सीटों पर सुबह 11 बजे तक 24% वोटिंग हो चुकी है। सबसे ज्यादा पूंछ में 33.06% वोटिंग हुई, जबकि श्रीनगर में सबसे कम 11.67% वोट डाले चुके हैं।

जम्मू-कश्मीर चुनाव में एक अनोखा नजारा देखने को मिला। यहां अब्दुल्ला परिवार की तीन पीढ़ियों ने एक साथ मतदान किया। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, उनके बेटे उमर अब्दुल्ला और उमर के बेटों जहीर और जमीर एक साथ वोट डालने पहुंचे। वोट डालने के बाद उन्होंने उंगली पर लगी स्याही भी दिखाई।

चुनाव आयोग के मुताबिक, दूसरे फेज में 239 कैंडिडेट्स मैदान में हैं। इनमें 233 पुरुष और 6 महिलाएं हैं। इसमें श्रीनगर जिले में 93 कैंडिडेट, बडगाम में 46 उम्मीदवार, राजौरी जिले में 34, पुंछ जिले में 25, गांदेरबल में 21 और रियासी में 20 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सेकेंड फेज की 26 सीटों में से 15 सीटें सेंट्रल कश्मीर और 11 सीटें जम्मू की हैं।

दूसरे फेज में 131 कैंडिडेट्स करोड़पति और 49 पर क्रिमिनल केस दर्ज हैं। जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना ने अपनी संपत्ति केवल 1,000 रुपए घोषित की है।

श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा में पहली बार मतदान

वहीं श्री माता वैष्णो देवी (Shri Mata Vaishno Devi) विधानसभा में पहली बार मतदान हो रहा है। श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र परिसीमन के बाद बना एक नया निर्वाचन क्षेत्र है और इस निर्वाचन क्षेत्र के लिए पहली बार मतदान हो रहा है।

राहुल बोले- आपका एक-एक वोट भाजपा का चक्रव्यूह तोड़ेगा

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि- जम्मू-कश्मीर के मेरे भाइयों और बहनों, आज दूसरे चरण का मतदान है, बड़ी संख्या में निकल कर अपने हक़, खुशहाली और बरकत के लिए वोट करें – INDIA को वोट करें। आपसे आपका statehood छीन कर भाजपा सरकार ने आपका अपमान और आपके संवैधानिक अधिकारों से खिलवाड़ किया है। INDIA को दिया आपका एक-एक वोट भाजपा के बनाए अन्याय के इस चक्रव्यूह को तोड़ कर जम्मू-कश्मीर को खुशहाली की राह पर लाएगा।

पहले चरण में हुआ था 61.38 फीसदी मतदान

पहले चरण में 61.38 फीसदी मतदान दर्ज किए गए थे। तीसरा चरण 1 अक्टूबर को होगा और मतगणना 8 अक्टूबर को की जाएगी. इस बार, श्रीनगर जिले में 93, बडगाम जिले में 46, राजौरी जिले में 34, पूंछ जिले में 25, गंदरबल जिले में 21 और रियासी जिले में 20 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav