जिया खान खुदकुशी मामला: सीबीआई की विशेष अदालत शुक्रवार को सुना सकती है फैसला

मुंबई. मुंबई में सीबीआई की एक विशेष अदालत अभिनेत्री जिया खान की खुदकुशी मामले में शुक्रवार को अपना फैसला सुना सकती है. वह तीन जून 2013 को अपने घर में मृत मिली थी. अभिनेता सूरज पंचोली पर खान को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है. वह अभिनेता आदित्य पंचोली और अभिनेत्री जÞरीना वहाब के बेटे हैं.

खान की ओर से कथित रूप से लिखे गए छह पन्नों के पत्र के आधार पर सूरज को आरोपी बनाया गया है. खान अपने जुहू स्थित घर में फंदे से लटकी मिली थी. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अनुसार, पत्र खान ने ही लिखा था जिसे मुंबई पुलिस ने अपनी जांच के दौरान 10 जून 2013 को जब्त किया था.

सीबीआई ने दावा किया है कि पत्र में सूरज के साथ खान के अंतरंग संबंधों के साथ-साथ कथित शारीरिक शोषण, मानसिक और शारीरिक यातना के बारे में बात की गई है, जिस वजह से खान ने खुदकुशी की. सीबीआई के विशेष न्यायाधीश ए एस सैय्यद ने मामले में दोनों पक्षों की अंतिम दलीलें सुनने के बाद पिछले हफ्ते अपना फैसला 28 अप्रैल के लिए सुरक्षित रख लिया था.

इस मामले में अभियोजन पक्ष की प्रमुख गवाह और जिया खान की मां राबिया खान ने अदालत से कहा कि उनका मानना है कि यह हत्या का मामला है न कि आत्महत्या का. बंबई उच्च न्यायालय ने मामले की नए सिरे से जांच की मांग वाली उनकी याचिका को पिछले साल खारिज कर दिया था.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button