जियो-बीपी ने प्रीमियम डीजल पेश किया, कीमत सरकारी कंपनियों के सामान्य ईंधन से एक रुपये कम

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 May 2023 08:40 PM
जियो-बीपी ने प्रीमियम डीजल पेश किया, कीमत सरकारी कंपनियों के सामान्य ईंधन से एक रुपये कम
ऑडियो सुनें

मुंबई. जियो-बीपी ने मंगलवार को प्रीमियम डीजल पेश किया, जिसकी कीमत सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों के सामान्य डीजल से भी कम रखी गई है. जियो-बीपी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और ब्रिटेन की बीपी का संयुक्त उद्यम है. जियो-बीपी ने दावा किया कि एडिटिव-लेस्ड प्रीमियम डीजल बेहतर माइलेज देता है. इससे हर साल प्रति ट्रक 1.1 लाख रुपये तक की बचत होगी.

इस प्रीमियम डीजल की कीमत सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों (पीएसयू) के सामान्य या एडिटिव-फ्री डीजल से सस्ती है. कंपनी ने बयान में कहा, ‘‘जियो-बीपी ने आज सक्रिय प्रौद्योगिकी के साथ अपने डीजल को पेश किया, जो भारतीय उपभोक्ताओं के लिए डीजल मानकों को बढ़ाएगा.’’ बयान के मुताबिक, ‘‘कंपनी के नेटवर्क पर उपलब्ध इस प्रीमियम डीजल से ट्रक चालकों को प्रति वाहन 1.1 लाख रुपये तक की वार्षिक बचत होगी.’’

यह डीजल नवी मुंबई में जियो-बीपी के पेट्रोल पंप पर 91.30 रुपये प्रति लीटर की दर से मिल रहा है, जबकि पीएसयू पंप पर सामान्य डीजल की कीमत 92.28 रुपये प्रति लीटर है. जियो-बीपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हरीश सी मेहता ने कहा, ‘‘हमारे लिए हर एक ग्राहक महत्वपूर्ण है, लेकिन जियो-बीपी के लिए ट्रक ड्राइवरों का हमेशा एक विशेष स्थान रहा है. उनके कारोबार के प्रदर्शन में ईंधन लागत के गंभीर प्रभाव को हम समझते हैं.’’ उन्होंने कहा कि इस डीजल को खासतौर से भारतीय वाहनों के लिए, भारत की सड़कों के लिए और भारतीय ड्राइंिवग परिस्थितियों के लिए तैयार किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu