कांकेर: बीएसएफ जवान ने खुद को गोली मारी, मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Oct 2023 07:01 PM
कांकेर: बीएसएफ जवान ने खुद को गोली मारी, मौत
ऑडियो सुनें

कांकेर. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान ने अपने र्सिवस हथियार से कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. पुलिस अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि राजधानी रायपुर से लगभग 200 किलोमीटर दूर रावघाट पुलिस थाना क्षेत्र के सारंगीपाल गांव में शनिवार को बीएसएफ जवान बाल्मिकी सिन्हा ने खुद को गोली मार ली.

अधिकारियों के मुताबिक, ”बीएसएफ की 162वीं बटालियन का आरक्षक सिन्हा शनिवार को अपने बैरक में था, तभी अचानक गोली की आवाज सुनकर उसके सहकर्मी वहां पहुंचे. उन्होंने सिन्हा को खून से लथपथ मृत पाया. करीब में ही सिन्हा की इंसास राइफल पड़ी थी.” अधिकारियों के अनुसार, सिन्हा रायपुर जिले के मंदिर हसौद के रीवा गांव का निवासी था. उन्होंने बताया कि पुलिस को आशंका है कि जवान ने पारिवारिक कारणों से यह कदम उठाया है, क्योंकि हाल ही में उसकी पत्नी की मौत हुई थी, जिससे वह दुखी और परेशान रहता था.

अधिकारियों के मुताबिक, जवान हाल ही में लगभग दो महीने की छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौटा था. उन्होंने बताया, ”मौके पर कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं किया गया है. मामले की जांच जारी है.” नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के लिए बड़ी संख्या में बीएसएफ के जवानों को तैनात किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu