दंपति को कार से टक्कर मारने वाला कन्नड़ फिल्म अभिनेता गिरफ्तार, महिला की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Oct 2023 08:21 PM
दंपति को कार से टक्कर मारने वाला कन्नड़ फिल्म अभिनेता गिरफ्तार, महिला की मौत
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. कन्नड़ फिल्म अभिनेता नागभूषण एस एस द्वारा कथित तौर पर चलाई जा रही एक तेज रफ्तार कार ने एक दंपति को टक्कर मार दी, जिसमें 48 साल की एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके 58 वर्षीय पति गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बाद अभिनेता को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. यह घटना 30 सितंबर की रात बेंगलुरु में वसंतपुरा मुख्य मार्ग पर हुई.

पुलिस के अनुसार, प्रेमा एस और कृष्णा बी फुटपाथ पर टहल रहे थे, तभी उत्तरहल्ली से कोनानाकुंते की ओर जाते समय आरोपी की कार ने कथित तौर पर उन्हें टक्कर मार दी और बाद में वह बिजली के खंभे से जा टकराई. पुलिस ने बताया कि आरोपी ”तेजी और लापरवाही” से कार चला रहा था. पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल दंपति को एक निजी अस्पताल ले जाया गया. महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके पति का इलाज चल रहा है.

यह हादसा कुमारस्वामी यातायात पुलिस सीमा के अंतर्गत हुआ. सूचना मिलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और नागभूषण को गिरफ्तार कर लिया. अभिनेता ने कई फिल्मों में, विशेष तौर पर हास्य भूमिकाओं में काम किया है. पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर कार को जब्त कर लिया गया है.

पुलिस उपायुक्त (यातायात, दक्षिण) शिव प्रकाश देवराजू ने बताया कि नागभूषण को मुचलका भरने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया है और उन्हें आगे के बयान दर्ज कराने तथा जांच के लिए बुलाया जाएगा. उन्होंने बताया कि नागभूषण पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 304ए (लापरवाही से मौत) और 279 (सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से गाड़ी चलाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है और गाड़ी चलाते समय वह नशे में थे या नहीं, इसकी जांच के लिए उनके रक्त के नमूने भी लिये गये हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu