
कोलकाता: कोलकाता के सरकारी आर जी कर अस्पताल में 2024 में एक महिला प्रशिक्षु चिकित्सक की दुष्कर्म के बाद हत्या के बाद पीड़िता का शव ‘जल्दबाजी में अंतिम संस्कार’ कराने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक रहे निर्मल घोष को बृहस्पतिवार को ओडिशा से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पानीहाटी के पूर्व विधायक घोष को सबूत मिटाने, आपराधिक साजिश रचने और किसी को उसकी मर्जी के खिलाफ काम करने के लिए मजबूर करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी पीड़िता के पिता द्वारा सोमवार को खारदाहा पुलिस थाना में नयी शिकायत दर्ज काने के बाद हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि घोष उन तीन लोगों में शामिल थे जिन्होंने उनकी बेटी के शव का ‘जल्दबाज़ी में अंतिम संस्कार’ करने के लिए मजबूर किया था।
पानीहाटी में रविवार को पीड़ित महिला चिकित्सक को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद शुभेंदु ने बैरकपुर के पुलिस आयुक्त को जल्दबाजी में किए गए कथित अंतिम संस्कार की नए सिरे से जांच शुरू करने का निर्देश दिया।



