छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में लगभग चार साल से फरार चल रहे मुख्य एक विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को गिरफ्तार कर दुबई से भारत लाकर शुक्रवार देर रात विशेष न्यायालय में पेश किया गया। स्पेशल कोर्ट ने आरोपियों को जेल भेज दिया।
सूत्रों ने बताया कि प्रदेश के 15 जिलों से पार्ट-बी शराब की बिक्री की नकद राशि सुब्बू के सहयोगी रायपुर स्थित गोलछा अपार्टमेंट लाते थे। वहां नोटों की गिनती के बाद अनवर ढेबर के निर्देशानुसार रकम आगे पहुंचाई जाती थी। इसके बदले सुब्बू को प्रति पेटी 50 रुपए का सीधा कमीशन मिलता था। नई आबकारी नीति के तहत विदेशी शराब का लाइसेंस दिलाने और कमीशन का अनुपात तय करने में भी उसकी अहम भूमिका थी। सुब्बू ने हवाला कारोबारियों सुमित मालू और रवि बजाज नाज के जरिए घोटाले की रकम देश के विभिन्न शहरों में भिजवाई।
शराब घोटाले की जांच शुरू होने के बाद अक्टूबर 2022 में वह खुद परिवार सहित दुबई शिफ्ट हो गया, जहां उसने यूएई की जेल में बंद फरार आरोपी खंजन ठक्कर के जरिए हवाला से भेजे गए करोड़ों रुपए प्राप्त किए।
पूछताछ के लिए 30 नवंबर तक उसकी पुलिस रिमांड मंजूर की है। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) और एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को आधिकारिक बयान जारी कर सुब्बू की भूमिका और पार्ट-बी शराब के
जरिए की गई 3,000 करोड़ रुपए से अधिक की अवैध कमाई का बड़ा खुलासा किया है। शराब घोटाले में अब तक व्यक्तियों, फर्मों और कंपनियों सहित कुल 97 आरोपियों के खिलाफ 10 चालान पेश किए जा चुके हैं।
अनवर का सबसे भरोसेमंद व अवैध नेटवर्क का संचालक
जांच एजेंसी ने बताया कि घोटाले के किंगपिन अनवर ढेबर ने पार्ट-बी शराब के उत्पादन के लिए डिस्टिलरियों में अपने लोग तैनात करने की कमान सुब्बू को सौंपी थी। सुब्बू डिस्टिलरी संचालकों से समन्वय करता था और खाली बोतलों की आपूर्ति तय करता था। वह सह-आरोपी अमित सिंह के साथ मिलकर दिल्ली से नकली होलोग्राम मंगवाकर डिस्टिलरियों तक पहुंचाता था। डिस्टिलरी से शराब की गाड़ी निकलने से लेकर सरकारी दुकान तक पहुंचने तक वह आबकारी अधिकारियों और ट्रांसपोर्टरों के संपर्क में रहता था। हर गाड़ी और वसूली रकम का पूरा हिसाब वह अनवर ढेबर को भेजता था, जिसके सबूत दोनों के बीच हुई वॉट्सऐप चैट से मिलते हैं।
पहले से बुलियन कारोबार से जुड़े होने के कारण सुब्बू ने अपने परिचित सराफा कारोबारियों और ज्वेलरों के माध्यम से अवैध कमाई को सोने-चांदी में निवेश किया। जांच में सामने आया है कि उसने अनवर ढेबर के लिए अब तक 200 किलोग्राम से अधिक सोना खरीदवाया है। ईओडब्ल्यू का मानना है कि 30 नवंबर तक चलने वाली पुलिस रिमांड में सुब्बू से पूछताछ के दौरान सिंडिकेट के अन्य निवेशों और फरार आरोपियों के बारे में कई और बड़े खुलासे होंगे।
ईओडब्ल्यू/एसीबी के अनुसार, वर्ष 2019 से 2023 के बीच प्रदेश की डिस्टिलरियों में बिना आबकारी शुल्क चुकाए अतिरिक्त शराब तैयार कराई जाती थी, जिसे सिंडिकेट की भाषा में ‘पार्ट-बी’ शराब कहा जाता था। इन बोतलों पर नकली होलोग्राम लगाकर 15 जिलों की सरकारी शराब दुकानों के माध्यम से बेचा जाता था। इसकी बिक्री सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज नहीं होती थी और इससे मिलने वाली नकद राशि को अलग रखा जाता था। इसके अलावा डिस्टिलरियों से नियमित आपूर्ति पर प्रति पेटी ‘पार्ट-
ए’ कमीशन, बाजार में हिस्सेदारी तय करने के बदले ‘पार्ट-सी’ कमीशन, विदेशी शराब आपूर्ति करने वाले एफएल-10 लाइसेंसधारकों से कमीशन और प्लेसमेंट एजेंसियों से मैनपावर व ओवरटाइम का कमीशन भी वसूला जाता था। इन सभी मदों से जुटाई गई 3,000 करोड़ रुपए से अधिक की नकदी संभालने की जिम्मेदारी सुब्बू के पास थी।