बिसलेरी बनाम FSSAI: बोतलबंद पेयजल बनाने वाली कंपनी बिसलेरी के पश्चिम बंगाल स्थित संयंत्र से लिया गया पानी का नमूना एफएसएसएआई की जांच में फेल पाया गया है। इसके बाद कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है। दूसरी ओर, बिसलेरी ने शनिवार को कहा कि दो मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं की स्वतंत्र जांच में उसके नमूने गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाए गए हैं।
कहां से लिया गया था नमूना?
सूत्रों के अनुसार, जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा स्थित कंपनी की विनिर्माण इकाई से लिए गए एक नमूने में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया था। सूत्रों ने बताया कि प्राथमिक और नामित, दोनों प्रयोगशालाओं ने नमूने में इस बैक्टीरिया की मौजूदगी की सूचना दी थी।
क्या है कोलीफॉर्म बैक्टीरिया?
कोलीफॉर्म बैक्टीरिया सूक्ष्मजीवों का एक बड़ा समूह है। शोधित या बोतलबंद पानी में इसकी मौजूदगी यह दर्शाती है कि पानी के शुद्धीकरण में कहीं चूक हुई है।
बैच की बिक्री पर पहले ही लगी थी रोक
जांच रिपोर्ट के बाद नियामक ने 12 अगस्त, 2026 को बैच पीबी201 की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया था। बिसलेरी का कहना है कि उसने नियामक के निर्देश पर इस बैच को बाजार से पहले ही वापस मंगा लिया था।
बिसलेरी का पक्ष
एफएसएसएआई के ताजा आदेश पर बिसलेरी ने शनिवार को बयान जारी किया। कंपनी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल से लिए गए उसके पानी के नमूने दो मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं की स्वतंत्र जांच में गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाए गए हैं। कंपनी ने खाद्य नियामक से अपील की है कि वह प्रयोगशाला निष्कर्षों में अंतर के कारणों की जांच करे।