KBC 18: अमिताभ बच्चन ने सुनाया मजेदार किस्सा; घर में मिला है सिर्फ एक छोटा सा कमरा, बाकी जगहों पर श्रीमति जी का कब्जा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 28 Nov 2026 07:09 PM
KBC 18: अमिताभ बच्चन ने सुनाया मजेदार किस्सा; घर में मिला है सिर्फ एक छोटा सा कमरा, बाकी जगहों पर श्रीमति जी का कब्जा
ऑडियो सुनें

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने क्विज शो ‘ कौन बनेगा करोड़पति 18 ‘ के दौरान अपनी पत्नी जया बच्चन को लेकर एक ऐसा मजेदार खुलासा किया, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग भी हंस पड़े। अमिताभ ने बताया कि इतने बड़े घर में रहने के बावजूद उनके हिस्से में सिर्फ एक छोटा सा कमरा आता है, जबकि बाकी कमरे जया बच्चन के इस्तेमाल के लिए हैं।

 

KBC 18’ में अमिताभ बच्चन की मुलाकात कंटेस्टेंट दीपक से हुई, जिनका पेशा दीवारों पर सुंदर कलाकृतियां बनाना है। दीपक की बनाई कलाकृति देखकर अमिताभ काफी प्रभावित हुए और उन्होंने अपने कमरे की दीवारों पर भी ऐसी पेंटिंग बनवाने की इच्छा जताई। इसी बातचीत के दौरान उन्होंने मजाक में अपने घर के कमरों का किस्सा शेयर किया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि जया बच्चन को घर की दीवारों पर पेंटिंग करवाना काफी पसंद है।

अमिताभ बच्चन ने कमरे की दीवार पर पेंटिंग की जताई इच्छा

‘KBC 18’ के हालिया एपिसोड में अमिताभ बच्चन ने कंटेस्टेंट दीपक से बातचीत के दौरान अपने घर से जुड़ा एक मजेदार किस्सा शेयर किया। जब दीपक ने अपने पेशे के बारे में बताया तो अमिताभ ने कहा, ‘भाईसाहब, ये जो दीवार पर जो कला है, ये बहुत ही अद्भुत है और अभी इसके बारे में हमको पता भी चल गया है। हमें भी कमरे की दीवारों पर ये करना है, तब आपको बताएंगे।’

 

अमिताभ बच्चन को घर में मिलता है सिर्फ एक छोटा कमरा

बातचीत में जब घर और कमरे का जिक्र आया तो अमिताभ को एक बड़ी ही मजेदार बात याद आई। उन्होंने अपने कमरे को लेकर मजाक करते हुए कहा, ‘हम कमरा इस के लिए बोल रहे हैं, पतिदेव के लिए एक छोटा कमरा ही मिलता है और हमारे घर के सभी कमरे मैडम जी के लिए हैं।’

जया बच्चन के लिए खाने-बैठने के लिए हैं अलग कमरे

अमिताभ ने कमरों की बात करते हुए बताया कि जया बच्चन के पास खाना खाने के लिए अलग कमरा और बैठने के लिए अलग कमरा है। उन्होंने कहा, ‘उनका एक खाने का कमरा, फिर एक बैठने के लिए कमरा और अलग-अलग कमरे हैं उनके पास, तो फिर हमारे लिए कुछ बचता ही नहीं। ‘

 

जया बच्चन को दीवारों पर पेंटिंग करवाना है पसंद

अमिताभ बच्चन ने बातचीत के दौरान यह भी बताया कि जया बच्चन को घर की दीवारों पर पेंटिंग करवाने का काफी शौक है। उन्होंने कहा कि जया ने उनके घर की बाहरी चारों दीवारों पर कलाकृतियां बनवाई हैं। इनमें खास तौर पर वारली पेंटिंग शामिल हैं, जो देखने में बेहद खूबसूरत लगती हैं। अमिताभ बच्चन ने कहा, ‘दूसरी बात यह है कि उन्हें दीवारों पर पेंटिंग करवाना बहुत पसंद है। उन्होंने हमारे घर की बाहरी चार दीवारों पर पेंटिंग करवाई है और वहां वारली पेंटिंग बनाई गई हैं, जो बहुत ही सुंदर लगती हैं।’ शो में अमिताभ की इन बातों से उनकी और जया बच्चन की घरेलू जिंदगी की एक दिलचस्प झलक देखने को मिला। बिग बी ने जिस अंदाज में अपने छोटे से कमरे का जिक्र किया, उससे ‘KBC’ का माहौल भी हल्का-फुल्का हो गया।

1973 में हुई थी अमिताभ और जया बच्चन की शादी

अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की पहली मुलाकात फिल्मों के जरिए हुई थीं। दोनों ने ‘जंजीर’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया। इसके बाद 3 जून 1973 को दोनों शादी के बंधन में बंध गए। दोनों ने जया के घर पर एक निजी समारोह में शादी की थी। शादी के समय दोनों ही कलाकार हिंदी सिनेमा में अपनी पहचान बना चुके थे। जया बच्चन ने ‘गुड्डी’, ‘अभिमान’, ‘चुपके चुपके’, ‘मिली’ और ‘सिलसिला’ जैसी फिल्मों में शानदार एक्टिंग किया। वहीं, अमिताभ बच्चन भी अपने करियर में लगातार आगे बढ़ रहे थे।

बच्चों के जन्म के बाद कम किया सिनेमा में काम

इस जोड़े के घर साल 1974 में बेटी श्वेता बच्चन और साल 1976 में बेटे अभिषेक बच्चन का जन्म हुआ। परिवार पर ध्यान देने के लिए जया ने बाद में फिल्मों में नियमित रूप से काम करना कम कर दिया। आज भी अमिताभ और जया बच्चन हिंदी सिनेमा के चर्चित जोड़ों में शामिल हैं।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav