श्रीनगर. कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने जम्मू-कश्मीर के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अन्य विपक्षी दलों के साथ गठबंधन करने की बृहस्पतिवार को इच्छा जतायी और केंद्र शासित प्रदेश के लोगों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वादों को ”जुमला” करार दिया. खरगे ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ बृहस्पतिवार को यहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनावों की जमीनी स्तर की तैयारियों के बारे में जानकारी ली.
खरगे ने यहां संवाददाताओं से कहा, “चुनाव की घोषणा के बाद यह पहली बैठक थी… हम यहां चुनाव और गठबंधन के लिए स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की राय जानने के लिए आए हैं. राहुल गांधी के नेतृत्व में हमने जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की पहल की है. हम इस दिशा में काम करने का वादा करते हैं.” उन्होंने कहा कि गांधी की जम्मू कश्मीर में चुनाव पूर्व गठबंधन बनाने में रुचि है.
खरगे ने कहा, “राहुल गांधी अन्य पार्टियों के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं. ‘इंडिया’ गठबंधन ने एक तानाशाह को पूर्ण बहुमत के साथ (केंद्र में) सत्ता में आने से रोका. यह ‘इंडिया’ की सबसे बड़ी सफलता है.” कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद चिंतित है, क्योंकि वे जिन विधेयकों को पारित कराना चाहते थे, उनमें से कुछ को या तो वापस ले लिया गया है या संयुक्त संसदीय समिति को भेज दिया गया है. खरगे ने दावा किया कि भाजपा अपने बहुमत का फायदा उठाकर कृषि कानून जैसे कानून पारित करती है.
जम्मू कश्मीर के बारे में उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा द्वारा किया गया एक भी वादा पूरा नहीं किया गया है. खरगे ने कहा, “चुनाव से पहले जम्मू कश्मीर के लोगों से किया गया एक भी वादा पूरा नहीं किया गया है. वे सभी (वादे) जुमले हैं.” उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूर्ववर्ती राज्य को केंद्र शासित प्रदेश में बदल दिया और यहां के लोगों को कोई अधिकार नहीं दिया गया. खरगे ने कहा कि यहां कोई विधान परिषद, कोई पंचायत या नगर पालिका नहीं है. उन्होंने कहा, ”लोगों को लोकतंत्र से दूर रखा गया है.” खरगे कहा कि उच्चतम न्यायालय के 30 सितंबर तक चुनाव कराने के निर्देश के कारण ही जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की घोषणा की गई है.
खरगे ने कहा,”मैं भाजपा और (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी साहब से कहना चाहता हूं कि आप चाहे जितनी कोशिश कर लें, आप लोगों की आवाज को दबाने में सफल नहीं होंगे. आप उनकी आकांक्षाओं को दबा नहीं सकते. लोकतंत्र में लोगों की आवाज ही मायने रखती है. हम लोगों की आवाज का समर्थन करना जारी रखेंगे.” कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ”हम लोगों के साथ रहेंगे. हम उनकी इच्छाओं और आकांक्षाओं के लिए उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ेंगे. यह हमारा वादा है.” उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो रोजगार सृजन, निवेश लाने और बागवानी तथा पर्यटन के साथ-साथ लघु उद्योगों को बढ़ावा देने पर काम करेगी.
खरगे ने यह भी कहा कि सभी धर्मनिरपेक्ष ताकतें जम्मू-कश्मीर में शांति बहाली की दिशा में मिलकर काम करेंगी. खरगे ने कहा, ”हम चाहते हैं कि जम्मू-कश्मीर में शांति और समृद्धि बहाल हो. सीमा पर हिंसा, घुसपैठ और आतंक है. वे (भाजपा) कहते थे कि जब (संविधान का अनुच्छेद 370) जाएगा, तो इससे आतंक रुक जाएगा और समृद्धि आएगी. समृद्धि कहां है? बेरोजगारी बढ़ रही है, महंगाई बढ़ रही है और देश भर में उनके अत्याचार भी बढ़ रहे हैं.” कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि राहुल गांधी सभी चुनावी राज्यों की यात्रा करेंगे. जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव तीन चरणों में- 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को- होंगे. मतों की गिनती चार अक्टूबर को होगी.