सूरजपुर: स्कूल में आकाशीय बिजली गिरी, एक छात्र की मौत, चार छात्र समेत पांच घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 Feb 2024 10:41 PM
सूरजपुर: स्कूल में आकाशीय बिजली गिरी, एक छात्र की मौत, चार छात्र समेत पांच घायल
ऑडियो सुनें

सूरजपुर. छत्तीसगढ़ में सूरजपुर जिले के एक प्राथमिक स्कूल में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई तथा चार छात्र एव एक महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता घायल हो गए . अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि जिले के बिहारपुर गांव के सरकारी प्राथमिक विद्यालय में आज आकाशीय बिजली गिरने से चौथी कक्षा के छात्र लक्ष्मण सिंह (10) की मृत्यु हो गई तथा छात्र अमरजीत सिंह, सहदेव सिंह, शिवराम सिंह और भवन सिंह घायल हो गए. उन्होंने बताया कि टीकाकरण के लिए स्कूल पहुंची एक महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता भी इस घटना में घायल हुई है.

अधिकारियों ने बताया कि बिहारपुर गांव के रेडियापारा स्थित प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र जब स्कूल परिसर में खेल रहे थे तब अचानक वहां तेज गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरी. उनके अनुसार इस घटना में पांच छात्र और महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता घायल हो गए. उन्होंने बताया कि घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर ले जाया गया जहां इलाज के दौरान एक छात्र की मौत हो गई है.

जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी आर एस सिंह ने बताया कि घायल छात्रों को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है. उनके मुताबिक घायल महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहरसोप में भर्ती कराया गया है एवं घायलों की हालत सामान्य है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu