झारखंड में माओवादियों ने रेलवे ट्रैक उड़ाया, 13 ट्रेनें रद्द

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 22 Dec 2023 07:02 PM
झारखंड में माओवादियों ने रेलवे ट्रैक उड़ाया, 13 ट्रेनें रद्द
ऑडियो सुनें

चाईबासा. झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के सदस्यों ने रेल पटरियों के एक हिस्से को विस्फोट से उड़ा दिया, जिससे हावड़ा-मुंबई मार्ग पर रेल सेवाएं बाधित हो गईं. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि घटना के कारण कम से कम 13 ट्रेनें रद्द कर दी गईं और एक का मार्ग बदल दिया गया है.

पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि घटना रांची से करीब 150 किलोमीटर दूर महादेवसाल और पोसोइता रेलवे स्टेशनों के बीच दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर डिवीजन में बृहस्पतिवार देर रात हुई. उन्होंने कहा, ”इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. रेलवे पटरियों पर मरम्मत का काम सुबह से शुरू कर दिया गया है.” अधिकारी ने बताया कि माओवादियों ने इलाके में बैनर और पोस्टर भी लगाए हैं.

दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के सहायक वाणिज्यिक प्रबंधक विनीत कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ट्रेन का परिचालन शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे बहाल कर दिया गया है. रेलवे की एक विज्ञप्ति के मुताबिक, “बृहस्पतिवार रात लगभग 10 बजकर आठ मिनट पर महादेवसाल और पोसोइता रेलवे स्टेशनों के बीच एक विस्फोट हुआ, जिससे खंड की तीसरी लाइन उड़ गई. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. ट्रेनों की आवाजाही को रोक दिया गया है और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित की गई है.” कुमार ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा किए गए विस्फोट में लगभग दो से तीन मीटर तक पटरियां क्षतिग्रस्त हो गईं.

इसमें कहा गया है कि यात्री सेवाओं के लिए राउरकेला, टाटानगर, चक्रधरपुर और झारसुगुड़ा स्टेशनों पर तुरंत हेल्प डेस्क स्थापित की गईं. विज्ञप्ति में कहा गया, ”इस घटना के कारण समरसता एक्सप्रेस का मार्ग बदल दिया गया है और 13 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं.” रद्द की गई ट्रेनों में टाटा-इतवारी एक्सप्रेस और नौ मेमू (मेनलाइन इले्ट्रिरक मल्टीपल यूनिट) पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं. प्रतिबंधित संगठन 16 दिसंबर से ‘विरोध सप्ताह’ मना रहा है तथा उसने शुक्रवार को भारत बंद का आह्वानकिया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu