मेईराबा, सात्विक-चिराग थाईलैंड ओपन के क्वार्टर फाइनल में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 16 May 2024 10:36 PM
मेईराबा, सात्विक-चिराग थाईलैंड ओपन के क्वार्टर फाइनल में
ऑडियो सुनें

बैंकॉक. युवा भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी मेईराबा लुवांग मैसनाम और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी तथा चिराग शेट्टी की स्टार पुरुष युगल जोड़ी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए गुरुवार को यहां थाईलैंड ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई.
हमवतन एचएस प्रणय पर उलटफेर भरी जीत के एक दिन बाद 21 वर्षीय मेईराबा ने 50 मिनट तक चले पुरुष एकल के दूसरे दौर के मुकाबले में डेनमार्क के मैड्स क्रिस्टोफरसन को 21-14, 22-20 से हरा दिया.

मेईराबा को अगले दौर में विश्व चैंपियन और स्थानीय दावेदार कुनलावुत वितिदसार्न की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा.
सात्विक और चिराग की दुनिया की तीसरे नंबर की भारतीय जोड़ी ने अपने दूसरे दौर के मुकाबले में 69वीं रैंकिंग वाले शेई साओ नान और झेंग वेई हान को 21-16, 21-11 से हराया. एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय जोड़ी का सामना अगले दौर में जुनैदी आरिफ और रॉय किंग याप की मलेशिया की जोड़ी से होगा.

ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुकी तनीषा क्रास्टो और अश्विनी पोनप्पा की महिला युगल जोड़ी ने भी क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. तनीषा और अश्विनी ने हुंग इन जू और लिन यू पेई की चीनी ताइपे की जोड़ी को सीधे गेम में 21-19, 21-17 से हराया. भारत की यह चौथी वरीय जोड़ी अगले दौर में ली यू लिम और शिन सेयुंग चेन की चीनी ताइपे की जोड़ी से भिड़ेगी.

अन्य भारतीयों में अश्मिता चालिहा को करीबी मुकाबले में शिकस्त का सामना करना पड़ा. वह महिला एकल में शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन की हान युई के खिलाफ 15-21, 21-12, 12-21 से हार गईं. मिश्रित युगल में सतीश करुणाकरण और आद्या वरियाथ की जोड़ी को रिनोव रिवाल्डी और पिथा हानिंगत्यास मेंटारी की जोड़ी के खिलाफ 10-21, 17-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी. पंडा बहनों रुतपर्णा और श्वेतपर्णा को भी दूसरे दौर में रिन इवानागा और केई नाकानिशी की जापान की जोड़ी के खिलाफ 16-21, 13-21 से हार का सामना करना पड़ा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu