धनतेरस के दिन बलौदाबाजार में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। नेहरू चौक इलाके में घर के बाहर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से झुलस गईं। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, नेहरू चौक में राकेश गुप्ता के घर के बाहर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। बताया जा रहा है कि यह लाइन घर से महज करीब पांच फीट की दूरी पर है। हादसे के दौरान राकेश गुप्ता सबसे पहले बिजली तार की चपेट में आए।
राकेश को करंट की चपेट में आया देखकर उनकी पत्नी वर्षा और बेटा ईशान उन्हें बचाने के लिए पहुंचे। इसी दौरान दोनों भी बिजली के संपर्क में आ गए। हादसे में राकेश गुप्ता और उनके बेटे ईशान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वर्षा गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया।
घर के पास हाईटेंशन लाइन से सुरक्षा पर सवाल
हादसे के बाद घर के बेहद करीब से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि घर से महज कुछ दूरी पर इतनी ऊंची क्षमता वाली बिजली लाइन गुजरने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए। फिलहाल कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के वास्तविक कारण और बिजली लाइन से जुड़े सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।