लखनऊ. उत्तर प्रदेश की नगीना सीट से आजाद समाज पार्टी-कांशीराम के सांसद चंद्रशेखर आजाद ने रविवार को वंदे भारत ट्रेन पर पथराव किए जाने का आरोप लगाते हुए रेल मंत्री, रेलवे पुलिस और प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई करने और ऐसी घटनाओं के प्रति समाज को जागरूक करने का आग्रह किया. रेलवे सुरक्षा बल ट्रेन पर कथित पथराव की जांच कर रहा है. आजाद ने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अभिभावकों और स्कूल शिक्षकों से बच्चों को इस विषय पर जागरूक करने का भी आह्वान किया.
आजाद ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “आज सुबह मैं वंदे भारत ट्रेन से दिल्ली से कानपुर की यात्रा कर रहा था. सुबह लगभग 7:12 बजे ट्रेन ने जैसे ही बुलंदशहर जिले के कमालपुर स्टेशन को पार किया, तभी बाहर से किसी असामाजिक तत्व ने पत्थर फेंके, जिससे मेरे से दो सीट आगे बैठे यात्री के पास का शीशा चकनाचूर हो गया. इस घटना से मैं हतप्रभ और स्तब्ध रह गया.ह्व आजाद ने कहा कि इस घटना से न केवल सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंची, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़ा हुआ है तथा ऐसी घटनाएं निंदनीय हैं और किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं हैं.
उन्होंने कहा, “एक रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2022 में ऐसी घटनाओं का आंकड़ा 1503 तक पहुंच गया, जिससे रेलवे को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ. यह आंकड़ा सोचने पर मजबूर करता है कि आखिर इस तरह की घटनाएं बार-बार क्यों हो रही हैं. ट्रेन पर पथराव से न केवल संपत्ति को क्षति होती है, बल्कि यह यात्रियों के लिए जानलेवा भी साबित हो सकता है.” सांसद ने कहा कि यह समझने की आवश्यकता है कि रेलवे देश की एक अमूल्य संपत्ति है और इसका संरक्षण देश के सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है.
आजाद ने कहा कि समाज में इस तरह की हरकतें न केवल असुरक्षा की भावना पैदा करती हैं बल्कि देश की छवि को भी नुकसान पहुंचाती हैं. उन्होंने कहा, “इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री जी, रेलवे पुलिस और प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए, साथ ही समाज में जागरूकता भी फैलानी चाहिए.” सांसद ने अभिभावकों और अध्यापकों का आह्वान करते हुए कहा कि परिवार में माता-पिता और स्कूलों में अध्यापकों द्वारा बच्चों को इस विषय पर जागरूक करना आवश्यक है जिससे न केवल ऐसी घटनाएं कम होंगी, बल्कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो पाएगी.
आजाद ने कहा, “हम सभी को एक जागरूक नागरिक बनना चाहिए. यह देश हमारा है, और देश की संपत्ति की सुरक्षा केवल सरकार की ही नहीं बल्कि हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी और संवैधानिक मूल कर्तव्य है.ह्व उन्होंने अपनी इस पोस्ट को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भी टैग की है. इस बीच, आरपीएफ के उपनिरीक्षक मनोज गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.