
मदुरै. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि वर्ष 2026 में तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनेगी. पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने मदुरै को ‘परिवर्तन’ का शहर बताया और कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन बदलाव लाएगा और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को सत्ता से बेदखल करेगा.
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा-अन्नाद्रमुक मिलकर तमिलनाडु में राजग की सरकार बनाएंगे और लोग 2026 के चुनावों में द्रमुक को हराएंगे. शाह ने कहा कि द्रमुक सरकार 100 प्रतिशत विफल रही है. शाह ने कहा, ” वर्ष 2026 में तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में राजग सरकार बनाएगा.” शाह ने राज्य, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को संबोधित करने से पहले भाजपा की तमिलनाडु इकाई की कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की. कोर कमेटी की बैठक का नेतृत्व करने से पहले उन्होंने मदुरै मीनाक्षी मंदिर में पूजा-अर्चना की.
अप्रैल में तमिलनाडु की अपनी यात्रा के दौरान शाह ने अन्नाद्रमुक के साथ संबंधों को फिर से बहाल करने की घोषणा की थी.
अपने संबोधन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कानून-व्यवस्था को लेकर द्रमुक शासन पर निशाना साधा और पश्चिमी कोंगू क्षेत्र के गांवों में बुजुर्गों की लक्षित हत्याओं को लेकर पुलिस पर सवाल उठाए.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से दृढ़ संकल्प के साथ काम करने की अपील की और अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन को ‘उपयुक्त गठबंधन’ करार दिया. उन्होंने अमित शाह को ‘भारत का लौह पुरुष, दूसरा सरदार वल्लभभाई पटेल’ बताया. भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने कहा कि एकमात्र लक्ष्य राज्य में द्रमुक को सत्ता से हटाना है और उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आग्रह किया. मदुरै में अमित शाह ने मुख्यमंत्री स्टालिन को यह बताने की चुनौती दी कि क्या उन्होंने वर्ष 2021 में किये गए द्रमुक के चुनावी वादों को पूरा कर दिया है.
तमिलनाडु के लोग द्रमुक सरकार के ‘बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार’ से तंग आ चुके? अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई की कोर कमेटी की बैठक की यहां अध्यक्षता की और कहा कि राज्य के लोग द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार के ‘बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार’ से तंग आ चुके हैं. भाजपा के शीर्ष नेता अगले साल होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों की समीक्षा करने और चुनाव लड़ने की रणनीति तैयार करने के लिए मदुरै पहुंचे थे.
शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”तमिलनाडु के लोग द्रमुक सरकार के बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार से तंग आ चुके हैं. भाजपा कार्यकर्ता मोदी जी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के समृद्ध और विकसित तमिलनाडु बनाने के दृष्टिकोण के साथ हर इलाके, पड़ोस और घर तक पहुंचेंगे.” इससे पहले दिन में शाह ने यहां मीनाक्षी मंदिर में प्रार्थना की और मंदिर के पुजारियों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया. शाह के आगमन पर उनका मदुरै अधीनम के पुजारी श्री ला श्री हरिहर श्री ज्ञानसंबंद देसिका स्वामीगल ने स्वागत किया. पुजारी ने मंत्री को भगवा शॉल भेंट की और उन्हें आध्यात्मिक पुस्तकें दीं.
बाद में मंदिर के पुजारियों ने उनका औपचारिक स्वागत किया और शाह ने नैनार नागेंद्रन और केंद्रीय राज्य मंत्री एल मुरुगन और अन्य भाजपा नेताओं के साथ प्रसिद्ध प्राचीन मंदिर में प्रार्थना की. शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”आज मदुरै में प्रतिष्ठित मीनाक्षी अम्मन मंदिर में पूजा करने का सौभाग्य मिला. राष्ट्र की निरंतर प्रगति और हमारे नागरिकों की भलाई के लिए मां का आशीर्वाद मांगा और प्रार्थना की.” पुजारी ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने गृह मंत्री से कच्चातिवु द्वीप को पुन: प्राप्त करने और मछुआरों की परेशानियों को समाप्त करने के लिए एक स्थायी समाधान तलाशने की अपील की. उन्होंने श्रीलंकाई तमिलों के कल्याण की भी वकालत की. शाह सात जून को रात 10.30 बजे यहां पहुंचे और उनका स्वागत तमिलिसाई सौंदरराजन, रामा श्रीनिवासन समेत भाजपा नेताओं और अन्नाद्रमुक नेता आरबी उदयकुमार और सेल्लूर के राजू ने किया.



