बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा नेतृत्व वाले राजग को दो-तिहाई बहुमत

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 14 Nov 2025 09:52 PM
बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा नेतृत्व वाले राजग को दो-तिहाई बहुमत
ऑडियो सुनें

पटना. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने शुक्रवार को बिहार विधानसभा में दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लिया. निर्वाचन आयोग के मुताबिक, गठबंधन अब तक 243 में से 168 सीट जीत चुका है. भाजपा 79 सीट जीतकर और 10 पर आगे रहते हुए सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है. उसकी सहयोगी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने 66 सीट जीती हैं और 19 पर ब­ढ़त बनाए हुए है. लोजपा (राम विलास) ने 16 सीट जीती हैं और तीन पर आगे है. हम (से) ने चार सीट जीती हैं और एक पर आगे है, जबकि राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने तीन सीट जीती हैं और एक पर ब­ढ़त बनाए हुए है.

राजग खेमे के प्रमुख विजेताओं में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री प्रेम कुमार, महेश्वर हजारी, संजय सरावगी और भाजपा की मैथिली ठाकुर शामिल हैं. विपक्षी खेमे से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और ‘इंडिया’ गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरे तेजस्वी यादव, दिवंगत मोहम्मद शहाबुद्दीन के पुत्र ओसामा शहाब और भाकपा (माले) लिबरेशन के संदीप सौरव प्रमुख विजेताओं में रहे.

‘इंडिया’ गठबंधन का प्रदर्शन बेहद खराब रहा और अब तक वह केवल 26 सीट ही जीत सका है. राजद ने 20 सीट जीती हैं और पांच पर आगे है. कांग्रेस ने तीन सीट जीती हैं और तीन पर ब­ढ़त बनाए हुए है. भाकपा (माले) लिबरेशन ने दो सीट और माकपा ने एक सीट जीती है. हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली एआईएमआईएम ने पांच सीट पर जीत दर्ज की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital