नेपाल: भूकंप के बाद के झटकों में 16 और लोग घायल…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 07 Nov 2023 02:41 PM
नेपाल: भूकंप के बाद के झटकों में 16 और लोग घायल…
ऑडियो सुनें

काठमांडू: पश्चिमी नेपाल के जाजरकोट में सोमवार को तीन बार चार से अधिक तीव्रता के भूकंप के झटके आने के बाद कम से कम 16 लोग घायल हो गए। नेपाल के इसी क्षेत्र में कुछ दिन पहले आए जबरदस्त भूकंप के बाद सोमवार को फिर से भूकंप के झटके आए। सुरक्षा एजेंसियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

देश में आठ साल पहले विनाशकारी भूकंप आया था जिसमें 153 लोगों की मौत हो गई थी और 266 लोग घायल हुए थे। सोमवार को भूकंप के बाद के झटकों में घायल हुए लोगों के साथ नेपाल में भूकंप में घायल हुए लोगों की संख्या बढक़र 266 हो गई है।

सुरक्षा एजेंसियों से अधिकारियों ने कहा, ‘‘पश्चिमी नेपाल के जाजरकोट में सोमवार दोपहर को तीन बार चार से अधिक तीव्रता के भूकंप के झटके आए जिसमें 16 लोग घायल हो गए। रुकुम पश्चिम में 10 लोग घायल हुए और छह अन्य जाजरकोट में घायल हुए।’’

नेपाल में पिछले शुक्रवार आधी रात को 6.4 तीव्रता का भूकंप का झटका आया था। इसके बाद से देश में कई बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। अधिकारियों के अनुसार, पश्चिमी नेपाल में जाजरकोट और रुकुम जिलों में आए भूकंप के झटकों से करीब 8,000 मकानों को क्षति पहुंची है।

प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘‘प्रचंड’’ के प्रेस समन्वयक सौर्य किरण शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री प्रचंड ने जाजरकोट भूकंप के बाद की स्थिति और हालिया घटनाक्रमों पर चर्चा के लिए मंगलवार को सर्वदलीय बैठक का आह्वान किया।

बैठक में मुख्य रूप से भूकंप के बाद किये जाने वाले राहत एवं पुनर्वास कार्यों से संबंधित मामलों पर चर्चा की जायेगी। राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल मंगलवार दोपहर को काठमांडू से भूकंप प्रभावित जिलों जाजरकोट और रुकुम पश्चिम के निरीक्षण दौरे पर रवाना होंगे। जाजरकोट भूकंप के मद्देनजर राष्ट्रपति पौडेल ने बुधवार से शुरू होने वाली अपनी 10 दिवसीय यूरोप यात्रा भी रद्द कर दी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav