नई, उन्नत ‘वंदे भारत’ ट्रेनों पर लगभग 115 करोड़ रुपये खर्च होंगे: अधिकारी

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Fri, 27 May 2022 07:37 PM
नई, उन्नत ‘वंदे भारत’ ट्रेनों पर लगभग 115 करोड़ रुपये खर्च होंगे: अधिकारी
ऑडियो सुनें

चेन्नई. नई, उन्नत वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का निर्माण 115 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से किया जायेगा. सोलह डिब्बों वाली इन सेमी-हाई स्पीड ट्रेनों में से दो के अगस्त में परीक्षण के लिए पटरियों पर उतरने की उम्मीद है. अधिकारियों ने शुक्रवार के यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि हालांकि, बड़ी संख्या में डिब्बों के बनने के बाद कीमतों में काफी कमी आएगी. रेलवे ने अगस्त 2023 तक इस तरह की 75 रेलगाड़ियों के निर्माण का लक्ष्य रखा है. अधिकारियों ने कहा कि ऐसी दो ट्रेन पहले से ही दिल्ली और कटरा, दिल्ली और वाराणसी के बीच संचालित हो रही हैं. उन्होंने बताया कि इन नई उन्नत 75 रेलगाड़ियों में सुरक्षा और यात्री सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जायेगा.

चेन्नई स्थित एकीकृत कोच कारखाने (आईसीएफ) के महाप्रबंधक ए. के. अग्रवाल ने कहा, ‘‘16 डिब्बों वाली वंदे भारत ट्रेन के निर्माण की लागत लगभग 110 करोड़ रुपये से 120 करोड़ रुपये होगी. आप कह सकते हैं, यह औसतन 115 करोड़ रुपये है.’’उन्होंने कहा, ‘‘जब हम अधिक रेलगाड़ियों का निर्माण करेंगे तो लागत कम होती जायेगी.’’ आईसीएफ ने पहले की दो ट्रेनों को प्रत्येक को 106 करोड़ रुपये की लागत से शुरू किया था.नई वंदे भारत ट्रेनों में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जायेगा और इनकी विशेषता यह होगी कि खतरे की स्थिति में सिग्नल पार करने (एसपीएडी) के मामलों को रोकने के लिए ट्रेन ‘कोलिजन अवॉइडेंस सिस्टम’ (टीसीएएस) का उपयोग किया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news