निक्की हेली ने वर्मोंट में राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन प्राइमरी में जीत हासिल की

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 06 Mar 2024 01:47 PM
निक्की हेली ने वर्मोंट में राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन प्राइमरी में जीत हासिल की
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक निक्की हेली ने वर्मोंट में रिपब्लिकन प्राइमरी चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप पर जीत हासिल कर सभी को हैरान कर दिया। वर्ष 2024 में व्हाइट हाउस की दौड़ में यह उनकी दूसरी जीत है।

अमेरिकी मीडिया की खबरों के मुताबिक, 98 फीसदी मतों की गिनती के बाद 52-वर्षीय हेली को 49.9 फीसदी और पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप को 45.8 मत प्राप्त हुए। वहीं 77-वर्षीय ट्रंप हालांकि अन्य राज्यों के प्राइमरी चुनावों में बढ़त बनाने में कामयाब रहे, जिससे रिपल्बिकन की ओर से दावेदारों में वह सबसे आगे हो गये। वर्मोंट में जीत प्राइमरी चुनाव में हेली को मिली दूसरी जीत है। हेली की ‘सुपर ट्यूजडे’ में यह पहली जीत है।

हेली के चुनाव प्रचार दल ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रपति पद के लिए वर्मोंट रिपल्बिकन प्राइमरी में उनकी (हेली) जीत की घोषणा करने को लेकर दल सम्मानित महसूस कर रहा है। हेली की प्रवक्ता ओलिविया पेरेज क्यूबा ने एक बयान में कहा, ‘‘आज वर्मोंट सहित देश भर के लाखों अमेरिकियों का समर्थन पाकर हम सम्मानित महसूस कर रहे हैं, जहां निक्की राष्ट्रपति पद के लिए दो प्राइमरी चुनाव में जीत हासिल करने वाली पहली रिपल्बिकन महिला बन गयी हैं।’’

ओलिविया ने कहा, ‘‘सिर्फ यह दावा करने से एकता हासिल नहीं हो जाती कि ‘हम एकजुट हैं’।’’ रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की दावेदारी हासिल करने के लिए दोनों उम्मीदवारों को 1215 डेलीगेट्स की जरूरत है, जिनमें से ट्रंप के खाते में 893 और हेली के खाते में सिर्फ 66 डेलीगेट्स हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav