
हैदराबाद. रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि कोई भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार में संलिप्त होने का आरोप नहीं लगा सकता. हैदराबाद के नजदीक महेश्वरम में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने पूर्व में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में और 2014 से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में सरकार चला रही है, ”लेकिन , मैं पूरे विश्वास से कह सकता हूं कि देश में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में कोई उंगली उठाकर नहीं कह सकता कि हमारे प्रधानमंत्री या सरकार पर भ्रष्टाचार के दाग हैं.” सिंह ने दावा किया कि मनमोहन सिंह नीत पूर्ववर्ती संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूएपीए) सरकार में कुछ मंत्रियों को भ्रष्टाचार के आरोप में जेल तक जाना पड़ा था.
केंद्रीय मंत्री ने रेखांकित किया कि भ्रष्टाचार का समाधान केवल भाषणों से नहीं किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से निजात पाने के लिए व्यवस्था में बदलाव करना होता है. सिंह ने कहा कि केवल नरेन्द्र मोदी ही देश में भ्रष्टाचार का मुकाबला कर सकते हैं. केंद्र सरकार की योजनाओं का संदर्भ देते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि वित्तीय सहायता अब प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के जरिये सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है.
केसीआर के परिवार के ‘भ्रष्टाचार’ की दिल्ली में भी चर्चा : राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के शासन में राज्य में सत्ता का दुरुपयोग होने और भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ने का आरोप लगाते हुए सोमवार को कहा कि केसीआर के परिवार के ”भ्रष्टाचार” की चर्चा सिर्फ राज्य में ही नहीं, बल्कि दिल्ली में भी है. राव को केसीआर के नाम से भी जाना जाता है.
सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मौजूदा विधायक एटाला राजेंद्र के हुजूराबाद निर्वाचन क्षेत्र के जम्मीकुंटा में एक रैली को संबोधित करते हुए सवाल किया कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) शासन में तेलंगाना ”विकास क्यों नहीं कर सका”, जबकि राज्य के लोग कुशल और मेहनती हैं.
उन्होंने कहा, ”10 वर्ष में तेलंगाना का विकास न केवल सीमित हुआ है, बल्कि यह ‘प्राइवेट लिमिटेड’ बनकर रह गया है. केसीआर के परिवार का (सरकार में) हस्तक्षेप क्यों है? आपको लोगों ने मुख्यमंत्री बनाया है, आपके परिवार ने नहीं.” सिंह ने कहा कि जब ”गुजरात और देश के अन्य राज्य नौ से 10 साल में विकसित हो सकते हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ सकती” है, तो केसीआर के नेतृत्व में तेलंगाना का ”विकास क्यों नहीं हुआ”.
उन्होंने दलितों को तीन एकड़ जमीन देने और उनके हर परिवार को 10-10 लाख रुपये का अनुदान देने के केसीआर के वादे का जिक्र करते हुए पूछा कि कितने लाभार्थियों को इसका लाभ मिला है. उन्होंने आरोप लगाया कि तेलंगाना के लोगों की उपेक्षा की जा रही है. सिंह ने कहा, ”केसीआर के शासन में सत्ता का दुरुपयोग हो रहा है और भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ रहा है.” उन्होंने दावा किया कि मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में महिलाओं को अवसर मिल रहे हैं. उन्होंने कहा कि हाल में संसद में पारित महिला आरक्षण विधेयक 2029 या 2026 तक भी लागू हो सकता है.



